Stock Market Crash: बजट ने किया बाजार को निराश, BSE, निफ्टी 50 में भयंकर गिरावट
Author: Vandana Bharti
Feb 01, 2026 01:12 PM IST
आज देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट (Union Budget) पेश किया है. बजट भाषण शुरू होने से पहले ही स्टॉक मार्केट NSE और BSE में मिला-जुला रुख रहा. बजट पेश होने के बाद बाजार धड़ाम से गिरा है. बजट 2026 के भाषण के बीच शेयर बाजार में जबरदस्त हलचल (Volatility) देखने को मिली. शुरुआत में बाजार स्थिर था, लेकिन जैसे-जैसे घोषणाएं सामने आ रही हैं, बाजार में बड़ी गिरावट का दौर शुरू हो गया.
दोपहर 12:45 बजे तक सेंसेक्स और निफ्टी में कोहराम मच गया. बजट भाषण के बाद बाजार में भारी दबाव देखा गया है. BSE Sensex करीब 1,650 अंक लुढ़ककर 80,620 के स्तर पर आ गया है. वहीं NSE Nifty लगभग 480 अंक गिरकर 25,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 24840 के करीब ट्रेड कर रहा है.
Nifty VIX यानी डर का सूचकांक, इसमें 14% की भारी उछाल आई है, जो बाजार में घबराहट को दिखाता है. बाजार में इस तेज गिरावट के पीछे वित्त मंत्री द्वारा सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) पर किया गया ऐलान माना जा रहा है.
क्यों गिरा बाजार
सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) को बढ़ाने के प्रस्ताव ने शेयर बाजार को सहमा दिया. STT वो टैक्स है, जो सरकार स्टॉक्स के खरीदने या बेचे पर लगाती है. वित्त मंत्री ने (Finance Minister) ने फ्यूचर और ऑप्शन्स (F&O) ट्रांजेक्शन पर STT बढ़ाने का फैसला किया है.
सीतारमण ने फ्यूचर्स पर STT को 0.02% से बढ़ाकर 0.05% और ऑप्शंस ट्रांजैक्शन पर इसे 0.01% से बढ़ाकर 0.15% करने का प्रस्ताव दिया है, जो 50% से ज्यादा की बढ़ोतरी है.
वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि मैं फ्यूचर्स पर STT को मौजूदा 0.02% से बढ़ाकर 0.05% करने का प्रस्ताव करती हूं. ऑप्शंस प्रीमियम और ऑप्शंस के इस्तेमाल पर STT को भी मौजूदा दर 0.1% और 0.125% से बढ़ाकर 0.15% करने का प्रस्ताव है.