Share Market Update: शेयर बाजार नए साल के दूसरे दिन भी पॉजिटिव मूड में नजर आया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी बड़ी उछाल के साथ बंद हुए। इससे पहले, 1 जनवरी को भी मार्केट में तेजी देखने को मिली थी। हालांकि, कल बाजार एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था, लेकिन आज उसने शानदार छलांग लगाई।
इतने पर बंद हुआ मार्केट
BSE सेंसेक्स 1,436.30 अंकों की मजबूती हासिल करके 79,943.71और NSE निफ्टी 445.75 अंक मजबूत होकर 24,188.65 पर बंद हुआ। इस तरह स्टॉक मार्केट ने 2025 की शानदार शुरुआत की है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाजार में आज आई शानदार तेजी के पीछे कुछ कारण हैं, इसमें दिसंबर में ऑटो बिक्री और GST कलेक्शन के अच्छे आंकड़े प्रमुख हैं।
ऑटो बिक्री के मजबूत आंकड़े
पिछले साल का आखिरी महीना यानी दिसंबर ऑटो सेक्टर के लिए अपेक्षाकृत अच्छा रहा। इस दौरान घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 11% उछाल देखने को मिला। टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी आयशर मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों के शेयर आज बढ़त हासिल करने में कामयाब रहे, जिससे बाजार को सपोर्ट मिला और वह तेजी से दौड़ पाया। खासकर मारुति के शेयरों में 5.61% और आयशर में 8.55% की उछाल देखने को मिली।
शानदार GST कलेक्शन
दिसंबर में GST कलेक्शन पिछले साल की तुलना में 7.3% बढ़कर 1.77 लाख करोड़ रुपये हो गया। एक्सपर्ट्स के अनुसार, ये आंकड़े कंज्मप्शन गतिविधियों में तेजी दर्शाते हैं और आर्थिक गतिविधियों में सुधार का संकेत देते हैं, जिनसे निवेशकों का सेंटिमेंट मजबूत हो सकता है। यह भी मार्केट में आज आई उछाल की वजह है।
आईटी शेयरों में उछाल
बाजार की बढ़त में IT शेयरों की मजबूती भी अहम रही है। आज यानी 2 जनवरी को आईटी इंडेक्स में 1% से ज्यादा की उछाल देखने को मिली है। दरअसल, ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए और सिटी का अनुमान है कि दिसंबर तिमाही और 2025 में इस सेक्टर में अच्छी ग्रोथ रह सकती है। इंफोसिस, TCS, HCL टेक और टेक महिंद्रा सहित प्रमुख आईटी कंपनियों ने सामूहिक रूप से आज सेंसेक्स की तेजी में 300 अंकों से अधिक का योगदान दिया।
इकॉनमी के लिए अच्छे संकेत
अर्थव्यवस्था के लिए अगला समय अच्छा रहने की उम्मीद है। बर्नस्टीन की 2025 के लिए भारत की रणनीति से पता चलता है कि हमारी इकॉनमी का बुरा दौर लगभग गुजर चुका है और 1-2 तिमाहियों के भीतर विकास में तेजी आ सकती है। इससे मार्केट को लेकर एक पॉजिटिव माहौल बना।
फाइनेंशियल सेक्टर से सपोर्ट
बाजार की तेजी में बैंकिंग और फाइनेंशियल कंपनियों के शेयरों का अच्छा प्रदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व ने अच्छी बढ़त हासिल की। इनके साथ-साथ SBI, HDFC बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और इंडसइंड बैंक में आई तेजी से भी मार्केट को सपोर्ट मिला।
अब आगे क्या?
बाजार के लिए यह महीना काफी अहम है। इसी महीने अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप का राज शुरू होगा। ट्रंप किस तरह की नीतियां अपनाते हैं, उस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। एक्सपर्ट्स का कहना है कि पिछले साल अधिकांश समय बिकवाल रहे विदेशी निवेशक इस महीने के दूसरे हफ्ते में वापसी कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो मार्केट तेजी से दौड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने निवेशकों को सावधानी बरतने की भी सलाह दी है।