हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: DiwaliIndia blocGyanesh KumarBigg Boss 20

Stock Market की Wolf को SEBI ने पहनाई बैन की बेड़ियां, देखें Asmita Patel की पूरी जन्मकुंडली

Options Queen Asmita Patel: सेबी ने शिकायतों के आधार पर खुद को ‘स्टॉक मार्केट की शी वुल्फ’ और ‘ऑप्शंस क्वीन’ कहलाने वालीं अस्मिता पटेल को इक्विटी मार्केट से बैन कर दिया है।

विज्ञापन

Wolf Of Stock Market: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने फाइनेंस इंफ्लुएंसर अस्मिता पटेल सहित छह को इक्विटी मार्केट से प्रतिबंधित कर दिया है। आरोपी बिना रजिस्ट्रेशन के निवेश की सलाह दे रहे थे। सेबी की कार्रवाई की जद में आने वालों में अस्मिता पटेल, उनकी फर्म अस्मिता पटेल ग्लोबल स्कूल ऑफ ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड (APGSOT), जितेश जेठालाल पटेल, किंग ट्रेडर्स, जेमिनी एंटरप्राइज और यूनाइटेड एंटरप्राइजेज शामिल हैं। SEBI ने सभी को फीस के रूप में एकत्र किए गए 53 करोड़ रुपये से अधिक वापस लौटाने का भी निर्देश दिया है।

वसूलते थे मोटी फीस

अस्मिता और बाकी आरोपी लोगों को निवेश की सलाह देते थे। इसके लिए बाकायदा कोर्स भी चलाते थे, जिनके लिए लोगों से मोटी फीस वसूली जाती थी। सेबी को ऐसी शिकायतें मिली थीं कि ऐसा बिना कानूनी अधिकार के किया जा रहा है और इससे कई निवेशकों को नुकसान हुआ था। इसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सेबी ने सभी को इक्विटी मार्केट से बैन कर दिया है।

42 शिकायतें मिलीं

सेबी को कुल 42 निवेशकों से शिकायतें मिली थीं, जिन्होंने आरोप लगाया कि एपीजीएसओटी अनधिकृत निवेश सलाहकार गतिविधियों में शामिल है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया कि अस्मिता पटेल ने इस तरह की गतिविधियों से 140 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद जब सेबी ने जांच शुरू की, तो आरोपों को सही पाया। जांच में यह भी सामने आया कि अस्मिता लोगों को नौकरी छोड़कर शेयर बाजार में निवेश करने की सलाह देती थीं।

मुंबई में है कंपनी

अस्मिता जितेश पटेल, अस्मिता पटेल ग्लोबल स्कूल ऑफ ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड (AGSTPL) की निदेशक हैं, जो नवी मुंबई में स्थित एक कंपनी है। अस्मिता का जन्म एक पारंपरिक गुजराती परिवार में हुआ है। उनके पास 17 साल का ट्रेडिंग अनुभव और एक दशक से अधिक का टीचिंग का अनुभव है। वित्तीय शिक्षा में योगदान के लिए उन्होंने कई पुरस्कार जीते हैं।

बड़े-बड़े दावे

वह खुद को ‘स्टॉक मार्केट की शी वुल्फ़’ और ‘ऑप्शंस क्वीन’ कहती हैं। उनका दावा है कि उन्होंने दुनिया भर में एक लाख से ज्यादा छात्रों को प्रशिक्षित किया है। अस्मिता यह दावा भी करती हैं कि उनकी बताई स्ट्रेटजी से लोगों को 300 प्रतिशत तक रिटर्न मिल सकता है. अस्मिता पटेल 283 करोड़ रुपये के फंड को मैनेज का दावा भी करती हैं।

यह भी पढ़ें – मार्केट अलर्ट: SEBI से आईं 2 बड़ी खबरें, चूक गए तो कहीं पछताना न पड़ जाए

सैकड़ों फॉलोअर्स

अस्मिता एक फाइनेंस इंफ्लुएंसर हैं और अपनी वेबसाइट asmitapatel.com के माध्यम से उनकी एक मजबूत डिजिटल उपस्थिति है। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर उनके सैकड़ों फॉलोअर्स हैं, जिनमें यूट्यूब पर 5.26 लाख सब्सक्राइबर, इंस्टाग्राम पर 2.9 लाख फॉलोअर्स, फेसबुक पर 73,000, लिंक्डइन पर 1,900 और X पर 4,200 फॉलोअर्स शामिल हैं।

पति भी शामिल

अस्मिता पटेल के पति जितेश पटेल भी AGSTPL के निदेशक हैं। सेबी की जांच में पता चला है कि कुछ लोगों से कथित तौर पर कोर्स की फीस आरोपियों से जुड़ी तीन फर्मों – किंग ट्रेडर्स, जेमिनी एंटरप्राइज और यूनाइटेड एंटरप्राइजेज – के बैंक खातों में जमा करने के लिए कहा गया था। बता दें कि 6 फरवरी को सेबी ने ग्लोबल स्कूल ऑफ ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड और इससे जुड़े 5 और इंस्टीट्यूट के 53.67 करोड़ रुपये जब्त किए थे।

संबंधित खबरें

Tags:

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

ताज़ा खबरें