बिना OTP बताए, बिना कोई कागज साइन किए, अकाउंट से पैसा गायब हो जाए तो कैसा लगेगा? ग्रेटर नोएडा में PNB के ग्राहकों के साथ यही हुआ. लोगों की सालों की सेविंग, FD और सेविंग अकाउंट से अचानक 35 करोड़ रुपये गायब हो गए. सुनकर ही डर लगता है. बैंक फ्रॉड को 100% रोकना मुश्किल है, पर थोड़ी सी समझदारी से आप अपना नुकसान बचा सकते हैं. Narayan Kumar & Co के सीए और वित्तीय मामलों के एक्सपर्ट नारायण कुमार झा ने News24 को बताया कि अगर अकाउंट में कोई भी अजीब ट्रांजेक्शन दिखे तो क्या करना है.
पैसा गायब दिखे तो तुरंत ये 5 स्टेप उठाएं
सबसे पहले बैंक को बताएं
जैसे ही फोन पर अनजान ट्रांजेक्शन का मैसेज आए, तुरंत बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल करें. ऐप से अपना डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, UPI और नेट बैंकिंग को फ्रीज कर दें. ताकि और पैसा न कटे. अगर किसी ने आपका पासवर्ड या PIN बदल दिया है तो वो भी बताएं.
3 दिन के अंदर लिखित शिकायत करें
सिर्फ फोन करना काफी नहीं है. RBI का नियम कहता है कि अगर तीसरे पक्ष की गलती या बैंक की लापरवाही से पैसा कटा है और आपने 3 वर्किंग डेज के अंदर बैंक को लिखित में बता दिया, तो आपकी देनदारी Zero हो जाती है. मतलब बैंक को पूरा पैसा वापस करना पड़ेगा. इसलिए बैंक में जाकर लिखित कंप्लेंट दे और कंप्लेंट नंबर, ट्रांजेक्शन डिटेल और पावती संभाल कर रखें.
1930 पर कॉल करें और FIR कराएं
ये साइबर फ्रॉड है तो तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें. साथ ही cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन कंप्लेंट डालें.
अपने पास अकाउंट नंबर, ट्रांजेक्शन ID, तारीख, कितना पैसा गया और स्क्रीनशॉट तैयार रखें.
सारे सबूत संभाल कर रखें
बैंक स्टेटमेंट, SMS, ईमेल अलर्ट, अनजान ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट, बैंक से हुई हर बातचीत की कॉपी आदि संभालकर रखें. अगर ब्रांच गए हैं तो किससे, कब मिले, वो लिख लें. बैंक ने जो भी लिखित में दिया है, उसे फाइल में रखें.
बैंक नहीं सुन रहा तो RBI में जाएं
अगर बैंक ने 30 दिन तक कोई जवाब नहीं दिया या जवाब से आप खुश नहीं हो, तो सीधा RBI Ombudsman में शिकायत करें. आप अपने सारे कागजों के साथ CRPC@rbi.org.in पर मेल कर सकते हैं या RBI के टोल-फ्री नंबर 14448 पर कॉल कर सकते हैं. याद रखें कि आपका पैसा आपकी मेहनत का है. बैंक में रखा है तो सेफ है, ये सोचकर लापरवाह मत बनिये. महीने में एक बार FD और सेविंग की स्टेटमेंट जरूर चेक करें.