दीपावाली और छठ पूजा की तैयारियों के बीच आम जनता और कारोबारियों के लिए 1 नवंबर की सुबह महंगाई का नया झटका लेकर आई है. हर महीने की पहली तारीख की तरह आज भी तेल कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडरों (LPG Gas Cylinder) के नए रेट जारी कर दिए हैं. इस बार 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (Commercial LPG Cylinder) की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा चलाने वालों का बजट प्रभावित होना तय है. हालांकि, राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वह स्थिर बने हुए हैं.
जानिये आपके शहर में सिलेंडर का नया रेट क्या है, कारोबारियों पर इसका क्या असर पड़ेगा और पिछले 12 सालों में कमर्शियल सिलेंडर के दाम कैसे बदले हैं.
दिल्ली से पटना तक: प्रमुख शहरों में कमर्शियल और घरेलू सिलेंडर के नए रेट्स
1 नवंबर से देश के विभिन्न शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर और घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के नए रेट इस प्रकार हैं:
देश की राजधानी दिल्ली: कमर्शियल सिलेंडर 10 रुपये महंगा होकर 2,820 रुपये का हो गया है. अक्टूबर में यह 2,810 रुपये था. घरेलू सिलेंडर 942 रुपये पर स्थिर है.
चेन्नई: कमर्शियल सिलेंडर 11.50 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,994.50 रुपये पर पहुंच गया है. घरेलू सिलेंडर 957.50 रुपये पर बरकरार है.
अहमदाबाद: कमर्शियल सिलेंडर 10.50 रुपये बढ़कर 2,842 रुपये का हो चुका है. घरेलू सिलेंडर 949 रुपये पर टिका है.
मुंबई: कमर्शियल सिलेंडर 2,764 रुपये और घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये के भाव पर उपलब्ध है.
उत्तर प्रदेश (लखनऊ): कमर्शियल सिलेंडर का दाम 2,942 रुपये हो गया है, जबकि घरेलू सिलेंडर का भाव 979.50 रुपये पर स्थिर है.
बिहार (पटना): पटना में कमर्शियल सिलेंडर 3,132 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है. यहां घरेलू सिलेंडर 1040 रुपये का मिल रहा है.
शिलांग: कमर्शियल सिलेंडर 3,091 रुपये और घरेलू सिलेंडर 1,007.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा है.
कारोबारियों और आपकी जेब पर क्या पड़ेगा असर?
19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का मुख्य रूप से इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, हलवाई की दुकानों और कैटरिंग सेवाओं में होता है. लगातार दूसरे महीने (अक्टूबर और फिर नवंबर) कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से बाहर खाने-पीने की दुकानों और होटल इंडस्ट्री का परिचालन खर्च (Operational Cost) बढ़ेगा. त्यौहारों के इस सीजन में अगर रेस्टोरेंट या ढाबा मालिक अपनी बढ़ी हुई लागत का भार ग्राहकों पर डालते हैं, तो बाहर खाना-पीना या मिठाई खरीदना थोड़ा महंगा हो सकता है.
12 सालों में कैसे बदला 19 किलो सिलेंडर का भाव
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के आधिकारिक आंकड़ों पर नजर डालें तो हर साल नवंबर महीने में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है:
2014 से 2016 (राहत के साल): नवंबर 2014 में दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1,449 रुपये का था, जो नवंबर 2016 में घटकर महज 968 रुपये रह गया था.
2017 से 2018 (उछाल का दौर): नवंबर 2017 में दाम बढ़कर 1,310.50 रुपये और नवंबर 2018 में 1,606.50 रुपये तक पहुंचे.
2019 से 2020 (स्थिरता): नवंबर 2019 में सिलेंडर 1,204 रुपये और नवंबर 2020 में 1,241.50 रुपये रहा.
2021 (2000 रुपये का आंकड़ा पार): नवंबर 2021 में कमर्शियल सिलेंडर 2,000.50 रुपये का ऐतिहासिक आंकड़ा छू गया.
2022 से 2025 (नरमी): नवंबर 2022 में 1,744 रुपये, नवंबर 2023 में 1,833 रुपये, नवंबर 2024 में 1,802 रुपये और नवंबर 2025 में यह घटकर 1,590.50 रुपये पर आया था.
2026 (नया रिकॉर्ड): नवंबर 2026 में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,820 रुपये पर पहुंच चुकी है.