भारतीय शेयर बाजार के इतिहास में 28 अक्टूबर 2026 का दिन हमेशा के लिए दर्ज हो गया है. Jio Platforms Limited (JPL) के IPO की लिस्टिंग सेरेमनी के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज की निदेशक ईशा अंबानी (Isha Ambani) ने एक बेहद भावुक, प्रेरक और विचारशील भाषण दिया. अपने भाषण में ईशा अंबानी ने अपने दादा स्वर्गीय धीरूभाई अंबानी के सपनों, पिता मुकेश अंबानी के विजन और रिलायंस परिवार पर देश के करोड़ों निवेशकों के भरोसे का जिक्र किया. जानिये, ईशा अंबानी ने अपने ऐतिहासिक भाषण में क्या-क्या कहा.
1977 का दौर और धीरूभाई अंबानी का सपना
ईशा अंबानी ने बताया कि कुछ दिन पहले डिनर टेबल पर उनके पिता मुकेश अंबानी 1977 के दिनों को याद कर रहे थे, जब वे महज 20 साल के थे और रिलायंस का पहला आईपीओ आया था. धीरूभाई अंबानी ने फैसला किया था कि रिलायंस को केवल कुछ बड़े और अमीर निवेशकों के पास नहीं, बल्कि देश के आम लोगों के पास ले जाना है. उस समय 10 करोड़ रुपये के वैल्युएशन पर 2.82 करोड़ रुपये जुटाए गए थे. धीरूभाई अंबानी का मानना था कि देश के हर नागरिक का भारत की तरक्की में हिस्सा होना चाहिए. आज 50 साल बाद वही भरोसा एक बार फिर पूरा हुआ है, जब करोड़ों निवेशकों ने जियो पर अपना विश्वास जताया है.
10 साल में बनाई दुनिया की सबसे मजबूत कंपनी
ईशा अंबानी ने जियो की सफलता के मूलमंत्र को साझा करते हुए कहा कि ग्राहक ही धर्म है. जियो अपने पिता के सिद्धांत पर काम करता है कि ग्राहक के लिए असली वैल्यू बनाओ, मजबूत कमाई अपने आप पीछे-पीछे आएगी. महज 10 साल के सफर में जियो ने इस साल लगभग $15.5 बिलियन राजस्व और लगभग $8 बिलियन की वास्तविक कमाई हासिल की है. दुनिया की बहुत कम कंपनियां इतने कम समय में यह मुकाम हासिल कर पाती हैं. उन्होंने कहा कि आंकड़ों के पीछे हमारे ग्राहक हैं. “जियो आपने बनाया है, आपने इसे अपने घरों, दुकानों और क्लासरूम में जगह दी, इसके लिए हम हमेशा आभारी हैं.”
भाई आकाश और टीम का शुक्रिया
अपने परिवार और जियो की टीम के योगदान को याद करते हुए ईशा अंबानी भावुक नजर आईं. उन्होंने अपने भाई आकाश अंबानी की तारीफ करते हुए कहा कि 13 साल के इस सफर में आकाश शायद ही कभी रात 12 बजे से पहले घर लौटे हों. एक बहन के रूप में उन्हें अपने भाई पर बेहद गर्व है. उन्होंने मनोज मोदी सर के मार्गदर्शन का धन्यवाद किया और जियो की पूरी टीम को अपना पहला शिक्षक बताया, जिन्होंने इस सपने को हकीकत में बदला. उन्होंने अपनी मां नीता अंबानी को परिवार की ताकत और जड़ों की तरह बताया. साथ ही अपने बच्चों पृथ्वी, आदिया, कृष्णा, वेदा को अपनी प्रेरणा बताया.
“यह अंत नहीं, एक नया वादा है”
ईशा अंबानी ने कहा कि आज की लिस्टिंग कोई फिनिश लाइन नहीं है, बल्कि एक नया वादा है. आकाश, अनंत और ईशा अंबानी ने अपने दादा के वादे को दोहराते हुए कहा कि वे हर निवेशक और ग्राहक के भरोसे का ईमानदारी से सम्मान करेंगे और आगे भी निर्माण करते रहेंगे, क्योंकि “ग्रोथ ही लाइफ है” (Growth is Life). उन्होंने अपने पिता मुकेश अंबानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बार-बार वो भविष्य देखा जिसे बाकी लोग नहीं देख पाए और वो हासिल किया जिसे लोग असंभव कहते थे. भाषण के अंत में ईशा अंबानी ने अपने भाई और जियो के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी को मंच पर आमंत्रित किया.