Neeraj
Read More
---विज्ञापन---
Beauty & Fashion Influencer: ब्यूटी एंड फैशन इंफ्लुएंसर दीपा भुल्लर खोसला ने अपने ब्यूटी ब्रांड इंडे वाइल्ड (Inde Wild) के लिए फंडिंग जुटाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि इससे उन्हें अपने ब्रांड के विस्तार में मदद मिलेगी। इंडे वाइल्ड आयुर्वेद प्रोडक्ट्स बनाता है। दरअसल, दीपा ने अपनी मां से आयुर्वेद की शक्ति के बारे में जाना था और वह इसकी बदौलत ब्यूटी वर्ल्ड में अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब रही हैं।
दीपा भुल्लर खोसला का जन्म भारत में हुआ है, लेकिन वह एम्स्टर्डम में रहना ज्यादा पसंद करती हैं। उनकी एम्स्टर्डम और मुंबई दोनों जगह प्रॉपर्टी है। इंस्टाग्राम पर फंडिंग की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक भारतीय ब्रांड बनाने के अपने मिशन में यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। इंडे वाइल्ड ने 5 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है।
दीपा ने 2021 में जब अपने इस ब्रांड की शुरुआत की थी, तो निवेशकों से खास अच्छा रिस्पांस नहीं मिला था। ऐसे में अब इतनी बड़ी रकम जुटाना वाकई उनके लिए खुशी का पल है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि अपने ग्राहकों की बदौलत हमने उन लोगों को गलत साबित कर दिया है, जिन्हें इंडे वाइल्ड निवेश के लिए बहुत छोटा नजर आ रहा था। हम 5 मिलियन डॉलर की फंडिंग हासिल करने में कामयाब रहे हैं। इससे ब्रांड को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
View this post on Instagram
---विज्ञापन---
दीपा भुल्लर खोसला सबसे पहले 2018 में तब सुर्खियों में आई थीं, जब वह कान फिल्म महोत्सव में रेड कार्पेट पर चलने वालीं पहली भारतीय इंफ्लुएंसर बनीं। इसके बाद पिछले साल हूज नेक्स्ट इन्फ्लुएंसर 2024 अवार्ड्स में उनकी ऑउटफिट ने सभी का ध्यान आकर्षित किया था। दीपा ने डच राजनयिक ओलेग बुल्लर से शादी की है। कपल के एम्स्टर्डम और मुंबई दोनों जगहों पर घर हैं।
ब्यूटी एंड फैशन इंफ्लुएंसर दीपा भुल्लर खोसला ने एम्स्टर्डम में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार कानून की पढ़ाई की और उसके बाद लंदन से अपनी मास्टर डिग्री हासिल की। दीपा की मां आयुर्वेदिक चिकित्सक रहीं हैं और उन्हीं से दीपा ने आयुर्वेद की शक्तियों के बारे में जाना। अपनी मां से प्रेरित होकर उन्होंने अक्टूबर 2021 में ब्यूटी ब्रांड ‘इंडे वाइल्ड’ लॉन्च किया। यह ब्रांड आयुर्वेदिक परंपराओं और आधुनिक विज्ञान के मेल के लिए पहचाना जाना जाता है।
इंस्टाग्राम पोस्ट में दीपा ने लिखा है – तीन साल पहले, हमने एक ही विजन के साथ शुरुआत की थी: एक वैश्विक भारतीय ब्रांड का निर्माण, जो न्यूयॉर्क या लंदन में भी मुंबई का घर वाला अहसास दिलाए। आज यूनिलीवर वेंचर्स के नेतृत्व में 5 मिलियन डॉलर के सीड एक्सटेंशन के साथ हम अपनी अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि के लिए तैयार हो रहे हैं – अपनी सेफोरा पार्टनरशिप का विस्तार करना और अगले साल अमेरिका में लॉन्च करना!
दीपा ने कहा कि ब्रांड काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत में इसने साल-दर-साल 400% की ग्रोथ हासिल की है, जबकि ग्लोबल रिटेल ग्रोथ 500% रही है। 2024 में इसने हर मिनट एक यूनिट बेची और Nykaa और Tira पर सबसे तेजी से बढ़ने वाला प्रीमियम हेयर और स्किन ब्रांड बन गया है। दीपा का कहना है कि वह आयुर्वेद की शक्ति से लोगों की खूबसूरती को निखारने के मिशन पर हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें बिजनेस, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।