विकसित देशों के सबसे गरीब 10 फीसदी लोगों की लाइफस्टाइल और इनकम, भारत के 10 फीसदी सबसे अमीर लोगों की तुलना में कहीं बेहतर है. वर्ल्ड बैंक की ‘पॉवर्टी एंड इनइक्वलिटी प्लेटफॉर्म’ रिपोर्ट में ये चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. रिपोर्ट से साफ जाहिर होता है कि भारत के जो परिवार देश के सबसे धनवान तबके में गिने जाते हैं, उनका रोजाना का खर्च विकसित देशों के सबसे गरीब लोगों से भी कम है.
क्या कह रहे आंकड़े
वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, कई देशों में सबसे गरीब और सबसे अमीर लोगों की रोजाना की इनकम में जमीन-आसमान का फर्क है. भारत में निचले स्तर के 10 फीसदी लोगों का रोजाना का खर्च करीब तीन डॉलर प्रति व्यक्ति है. वहीं, अमेरिका जैसे विकसित देशों में सबसे गरीब 10 फीसदी लोगों के खर्च का यह आंकड़ा 25 डॉलर है. कनाडा में यह आंकड़ा 31 डॉलर, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया में करीब 28 डॉलर है.
वहीं, भारत में टॉप 10 फीसदी अमीरों का रोजाना का खर्च देखें तो 10 डॉलर प्रति व्यक्ति से शुरू होता है. भारत के इकनॉमिक सर्वे के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति हर महीने 80000 रुपये कमाता है, तो वह देश के टॉप 10 फीसदी कमाने वालों में शामिल हो जाता है. इसकी तुलना में अमेरिका के टॉप 10 फीसदी अमीरों का रोजाना का खर्च 173 डॉलर, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में 129 डॉलर और जर्मनी में 128 डॉलर है.
इन आंकड़ों को देखने से साफ जाहिर होता है कि जो 10 डॉलर रोजाना खर्च का आंकड़ा भारत में किसी व्यक्ति को टॉप 10 फीसदी अमीरों में खड़ा करता है. वहीं, यह आंकड़ा कनाडा, जापान और अमेरिका जैसे देशों में व्यक्ति को सबसे निचले 10 फीसदी गरीबों की कैटेगरी में ला देती है.