अगर आप भी दिल्ली की भागदौड़ भरी जिंदगी में किराए के मकान से तंग आ चुके हैं और इस त्योहारी सीजन अपने खुद के घर का सपना पूरा करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खुशखबरी है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) इस दशहरा और दिवाली के मौके पर दिल्लीवालों के लिए एक नई और बंपर आवास योजना (Housing Scheme) पेश करने की तैयारी में है.
इस नई योजना के तहत नरेला समेत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 4000 से ज्यादा फ्लैट्स शामिल किए जाएंगे. सबसे खास बात यह है कि इसमें 1 BHK, 2 BHK और 3 BHK तक के विकल्प मौजूद होंगे, यानी हर बजट वाले इंसान के लिए कोई न कोई ऑप्शन जरूर होगा. आइए, DDA की इस नई स्कीम से जुड़ी हर जरूरी बात यहां जानते हैं.
क्या है DDA की इस नई योजना में खास?
DDA त्योहारों के मौसम (अक्टूबर-नवंबर) में इन फ्लैट्स की बिक्री शुरू करने जा रहा है. चाहे आपका परिवार छोटा हो या वर्किंग कपल हों या जॉइंट फैमिली, यहां 1 BHK (LIG), 2 BHK (MIG) और 3 BHK (HIG) फ्लैट्स होंगे. यानी अपने परिवार की जरूरत के हिसाब से आप फ्लैट बुक कर सकते हैं. जिन कस्टमर्स को इसके बारे में जानकारी चाहिए, उनके लिए डीडीए ने खास व्यवस्था की है. खरीदारों की मदद करने, योजना की सही जानकारी देने और बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए DDA खास नोडल अधिकारी (Nodal Officers) तैनात करेगा.
25% डिस्काउंट और 1 महीना एक्स्ट्रा टाइम
अगर आप सोच रहे थे कि DDA की पुरानी स्कीम्स का मौका हाथ से निकल गया, तो रुकिए. क्योंकि DDA के अधिकारियों के मुताबिक, चल रही योजनाओं की बुकिंग डेडलाइन भी बढ़ाई जा सकती है.
कर्मयोगी आवास योजना
ये केवल वर्किंग और रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों के लिए है. नरेला के पॉकेट 6, 9, 13 और सेक्टर A-1 से A-4 में 1 और 2 BHK फ्लैट्स उपलब्ध हैं. फिलहाल इसमें 25% की छूट मिल रही है और सितंबर के अंत में खत्म हो रही बुकिंग अवधि को करीब 1 महीने और बढ़ाया जा सकता है.
नागरिक आवास योजना
ये आम लोगों के लिए है. नरेला के पॉकेट 3 और 4, सेक्टर A-1 से A-4 में नागरिक आवास योजना के तहत मिलने वाले फ्लैट्स उपलब्ध हैं. इसमें 616 MIG (2 BHK) और 567 HIG (3 BHK) फ्लैट्स मौजूद हैं. इसमें भी 25% डिस्काउंट का फायदा मिल रहा है.
कीमत और आवेदन की तारीखें कब आएंगी?
फिलहाल DDA ने नई स्कीम के लिए फ्लैटों की सटीक कीमतें, आवेदन की अंतिम तिथि और नियम-शर्तों का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. जल्द ही DDA अपने पोर्टल पर कैटगरी-वाइज प्राइस लिस्ट और ब्रोशर जारी करेगा.
अगर आप दिल्ली में डीडीए का फ्रीहोल्ड (Freehold) फ्लैट खरीदने का मन बना रहे हैं, तो त्योहारों का यह सीजन आपके लिए एकदम सही मौका साबित हो सकता है. DDA का ऑफिशियल ब्रोशर आते ही बिना देर किए ऑनलाइन अप्लाई करने की तैयारी रखें.