चना, अरहर,मटर… हर दाल हुई महंगी; द‍िवाली से पहले क्‍यों भागे दलहन के दाम? जानें

द‍िवाली से पहले दालों के रेट में थोड़ी गरमा-गर्मी बनी रह सकती है. हालांकि, अगर सरकार अपने बफर स्टॉक से खुले बाजार में दालें उतारती है (Buffer Stock Release), तो त्योहारों से ठीक पहले कीमतों में राहत मिल सकती है.

dal price hike

त्‍यौहारी मौसम में दाल की कीमतों में तेजी आने से खाने पीने की चीजों के महंगे होने की आशंका है.

द‍िवाली का त्योहार नजदीक है और घरों में मिठाइयों से लेकर पकवानों की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. लेकिन त्योहारों के इस माहौल में किचन का बजट थोड़ा गड़बड़ा सकता है. इंडियन पल्स एंड ग्रेंस एसोसिएशन (IPGA) के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में देश में चने की कीमत 11%, मूंग 10.6%, तुअर/अरहर 6.5% और मटर के दाम 6% तक बढ़ चुके हैं.

विज्ञापन

लेकिन सवाल यह उठता है कि जब सरकार के पास दालों का भरपूर स्टॉक मौजूद है, तो फिर त्योहारों से ठीक पहले दालों के भाव क्यों बढ़ रहे हैं?

विज्ञापन

दालों के दाम में कितना आया उछाल?

थोक मंडियों में पिछले एक महीने और एक हफ्ते में दालों के रेट तेजी से चढ़े हैं. चना 1 महीने में 11% और हफ्ते भर में 5.5% महंगा हुआ है. यानी प‍िछले साल से तुलना करें तो पिछले साल के मुकाबले 23% महंगा हो गया है.

वहीं मूंग 1 महीने में 10.6% और हफ्ते भर में 4.3% महंगा हुआ है. तुअर या अरहर दाल की बात करें तो 1 महीने में 6.5% और हफ्ते भर में 2.4% महंगी हुई है. जबक‍ि मटर या पीली मटर (Matar) 1 महीने में 6% और हफ्ते भर में 3% महंगी हुई है. ये साल-दर-साल 47% महंगी हो गई है.

विज्ञापन

अगर खुदरा (Retail) दामों की बात करें, तो सरकारी आंकड़ों के अनुसार चना दाल लगभग 88.72 रुपये प्रत‍ि किग्रा, तुअर दाल 125.72 रुपये प्रत‍ि किग्रा, मूंग दाल 112.14 रुपये प्र‍त‍ि किग्रा और मसूर दाल 90.43 रुपये प्रत‍ि किग्रा के आसपास बिक रही है.

क्या सिर्फ दीवाली की मांग ही वजह है या खेल कुछ और है?
दीपावली पर बेसन, मिठाइयों और पकवानों की वजह से मांग (Demand) बढ़ना तो तय है, लेकिन केवल मांग बढ़ना ही एकमात्र कारण नहीं है. असल खेल भविष्य की फसल और आयात (Imports) को लेकर पैदा हुई आशंकाओं का है.

विज्ञापन
  1. चने पर अल-नीनो और ऑस्ट्रेलिया का असर : चना भारत में सबसे ज्यादा खाई जाने वाली दाल है और यह रबी की फसल है. कृषि मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि एल-नीनो (El Nino) और असमान बारिश के कारण इस बार रबी सीजन में मिट्टी में नमी (Soil Moisture) की कमी हो सकती है. दूसरी तरफ, भारत को चना भेजने वाले सबसे बड़े देश ऑस्ट्रेलिया में इस बार चने की पैदावार 40-50% तक घटने का अनुमान है. इस वजह से भारत में चने का आयात 45% तक घट गया है.
  2. तुअर दाल और बारिश की मार : तुअर खरीफ की फसल है. महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और कर्नाटक जैसे प्रमुख उत्पादक इलाकों में कम बारिश और सूखे जैसे हालात के कारण पैदावार घटने की आशंका जताई जा रही है.
  3. रूस-यूक्रेन युद्ध और मटर के दाम : चने के विकल्प के रूप में इस्तेमाल होने वाली पीली मटर की सप्लाई रूस-यूक्रेन युद्ध और अंतरराष्ट्रीय वैश्‍व‍िक दिक्कतों के कारण प्रभावित हुई है, जिससे मटर भी महंगी हो गई है.

क्या देश में दालों की वाकई कमी है?
बिलकुल नहीं. यह कोई दालों का अकाल या भारी किल्लत नहीं है. साल 2025-26 में भारत में रिकॉर्ड 274.09 लाख टन दालों का उत्पादन हुआ है, जो पिछले साल से 6.7% ज्यादा है.

सरकार के पास बफर स्टॉक के रूप में 45 लाख टन से ज्यादा दालें सुरक्षित रखी हुई हैं, जबकि मानक 35 लाख टन का है. इसमें लगभग 19.5 लाख टन चना और 10 लाख टन तुअर शामिल है. अभी भले ही गोदाम भरे हों, लेकिन जब व्यापारियों को लगता है कि अगली फसल कम आ सकती है, तो वे पहले से ही भाव बढ़ाना शुरू कर देते हैं.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vandana Bharti

Vandana Bharti

वन्‍दना भारती News 24 में बतौर ड‍िप्‍टी न्‍यूज एडिटर कार्यरत हैं और मौजूदा समय में बिजनेस डेस्‍क संभाल रही हैं. वन्दना News 24 के लिए स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, कमोडिटी मार्केट, सरकारी योजनाओं पर खबरें लिखती हैं. वन्‍दना ने अपने करियर की शुरुआत दैन‍िक जागरण अखबार से की. इसके बाद देशबंधु अखबार में उन्होंने ब‍िजनेस रिपोर्टिंग में अपनी विशेषज्ञता विकसित की. साल 2010 में उन्होंने ह‍िन्‍दुस्‍तान अखबार में अपनी सेवाएं दीं, जहां उन्होंने ब‍िजनेस पेज के लिए 6 साल तक काम किया. वन्‍दना, आजतक डिजिटल, India.com और News18.com जैसे न्यूज प्लेटफॉर्म्स में बिजनेस डेस्क से जुड़ी रही हैं. वन्दना ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम किया है. कॉमर्स बैकग्राउंड होने के कारण उनकी बिजनेस की खबरों में अच्छी पकड़ है और इन खबरों को वह आसान भाषा में यूजर्स तक पहुंचाती हैं. कितने साल का अनुभव: 18 साल योग्यता: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम और नई द‍िल्‍ली के YMCA संस्‍थान से पत्रकार‍िता में पीजीडीएमए की डिग्री प्राप्त की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ