---विज्ञापन---

बिजनेस angle-right

DA में बढ़ोतरी की खबर से ज्यादा नहीं खिलेंगे कर्मचारियों के चेहरे, आखिर क्या है वजह?

Government employees DA: केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को होली से पहले महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की खबर सुना सकती है। 7वें वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ता साल में दो बार बढ़ाया जाता है।

---विज्ञापन---

DA/DR News: केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनधारकों को अगले महीने महंगाई भत्ते को लेकर बड़ी खबर मिल सकती है। माना जा रहा है कि सरकार होली से पहले महंगाई भत्ते यानी DA में इजाफे की घोषणा कर सकती है। हालांकि, इस घोषणा से कर्मचारियों के चेहरे पर शायद पहले जैसी मुस्कान न आये। चलिए पूरा मामला समझने की कोशिश करते हैं।

कब होगी घोषणा?

अभी देश में 7वां वेतन आयोग लागू है। सरकार ने 8वें आयोग के गठन का ऐलान कर दिया है, जिसकी प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। 7वें वेतन आयोग के तहत DA/DR साल में दो बार बढ़ाया जाता है। पहली बढ़ोतरी 1 जनवरी से लागू होती है और दूसरी 1 जुलाई से। इस साल यानी 2025 की पहली बढ़ोतरी 1 जनवरी से लागू होनी है, जिसकी आधिकारिक घोषणा मार्च 2025 में संभव है।

---विज्ञापन---

DA और DR में अंतर?

महंगाई भत्ता (DA) वर्तमान सरकारी कर्मचारियों को दिया जाता है। जबकि, पेंशनर्स के लिए यह महंगाई राहत (DR) कहलाता है। इसकी कैलकुलेशन अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) के आधार पर की जाती है। सरकार हर छह महीने में AICPI के औसत डेटा को ध्यान में रखते हुए DA और DR की दरें निर्धारित करती है। इस तरह साल में दो बार कर्मचारियों को बढ़े हुए DA का तोहफा मिलता है।

उम्मीद से कम

जुलाई 2024 से दिसंबर 2024 तक के AICPI के आंकड़े यह तय करेंगे कि जनवरी 2025 में DA/DR में कितनी बढ़ोतरी होगी। श्रम ब्यूरो के अनुसार, दिसंबर 2024 के लिए AICPI 0.8 अंक गिरकर 143.7 हो गया है। महंगाई में आई कमी के चलते DA में इस बार 2% की बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। जबकि पहले तीन फीसदी वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही थी। बता दें कि मौजूदा समय में 53 प्रतिशत की दर से डीए मिल रहा है।

---विज्ञापन---

पहले कितनी वृद्धि?

अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI) का जुलाई 2024 से नवंबर 2024 तक का डेटा बता रहा था कि जनवरी 2025 में DA/DR में कम से कम 3 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। लेकिन दिसंबर का डेटा जारी होने के बाद इसकी संभावना लगभग न के बराबर हो गई है। सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में DA 3% बढ़ाया था, जिससे बाद यह 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 फीसदी हो गया।

कितना होगा फायदा?

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार,  यदि जनवरी 2025 के लिए DA में 2% की वृद्धि की जाती है, तो सरकारी कर्मचारियों के वर्तमान न्यूनतम मूल वेतन 18,000 रुपये को ध्यान में रखते हुए कुल वृद्धि 360 रुपये की वृद्धि होगी। इसी तरह, पेंशनभोगियों के लिए, वृद्धि 180 रुपये होगी, क्योंकि उनकी न्यूनतम पेंशन 9000 रुपये है। वहीं, कर्मचारियों का अधिकतम वेतन 2,50,000 रुपये और अधिकतम पेंशन 1,25,000 रुपये है। 3% DA के हिसाब से वर्तमान कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को क्रमश: 5000 और 2500 रुपये की बढ़ोतरी मिलेगी। ऐसे में शायद उन्हें DA में वृद्धि की घोषणा से ज्यादा खुशी न हो।

---विज्ञापन---
First published on: Feb 22, 2025 05:04 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola