दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स और टेक कंपनी एमेजॉन (Amazon) से एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आई है. कंपनी ने बुधवार को अपनी डिवाइसेज यूनिट से लगभग 250 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है. यह वही विभाग है जो किंडल और इको स्मार्ट स्पीकर्स जैसे पॉपुलर प्रोडक्ट्स बनाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों में सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से जुड़े रोल्स पर पड़ा है. जानिये एमेजॉन ने यह कदम क्यों उठाया, कर्मचारियों को कैसे जानकारी दी गई और टेक जगत में इस समय छंटनी का क्या माहौल है.
सुबह-सुबह आया ईमेल और टेक्स्ट मैसेज
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित कर्मचारियों को बुधवार सुबह-सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज भेजकर नौकरी खत्म होने की सूचना दी गई. एमेजॉन की वाइस प्रेसिडेंट चेरी रॉबिन्सन (Cherie Robinson) ने इसे लेकर ईमेल भेजा है, जिसमें कहा गया है कि कंपनी ने अपने पूरे स्ट्रक्चर का गहन रिव्यू किया है, जिसके बाद यह कठिन फैसला लेना पड़ा है. एमेजॉन के प्रवक्ता ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि हमने कुछ भूमिकाओं को खत्म करने का कठिन निर्णय लिया है ताकि हम अधिक कुशलता से काम कर सकें और अपने प्रोडक्ट रोडमैप के साथ तालमेल बिठा सकें.
छंटनी का असली कारण क्या है?
इस छंटनी के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता प्रभाव और कंपनी का नया फोकस माना जा रहा है. छंटनी से ठीक एक दिन पहले, एमेजॉन के इंजीनियरिंग लीडरशिप का एक आंतरिक मेमो सामने आया था, जिसमें डेवलपर्स को AI को अपनाने की सलाह दी गई थी. मेमो में कहा गया था कि हम सभी को इस बदलाव को अपनाना होगा और सीखने के लिए समय निकालना होगा, वरना हम पीछे छूट जाने का जोखिम उठाएंगे. एमेजॉन इस साल AI टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर में $220 बिलियन यानी लगभग 220 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश करने की तैयारी में है.
दिलचस्प बात यह है कि जिस दिन छंटनी की खबर आई, उसी दिन एमेजॉन ने एलेक्सा (Alexa) से चलने वाले 5 नए स्मार्ट डिवाइसेज जैसे Echo Show 16 और Echo Time लॉन्च किए हैं.
टेक इंडस्ट्री में जारी है छंटनी का दौर
एमेजॉन में इस साल पहले भी कई चरणों में छंटनी हो चुकी है. इस महीने की शुरुआत में कोर रिटेल डिविजन से करीब 1,000 जॉब्स खत्म की गई थीं. जनवरी में 16,000 और उससे पहले अक्टूबर में 14,000 कर्मचारियों की छंटनी की गई थी.
केवल एमेजॉन ही नहीं, बल्कि पूरी टेक इंडस्ट्री में छंटनी का संकट मंडरा रहा है. Layoffs.fyi के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक 1.35 लाख से ज्यादा टेक कर्मचारी अपनी नौकरियां गंवा चुके हैं. हाल ही में क्लाउड स्टोरेज कंपनी ड्रॉपबॉक्स (Dropbox) ने अपने 9% कर्मचारियों को निकाला है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने अपने लगभग 60,000 कर्मचारियों को वॉलंटरी एग्जिट (स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने) का विकल्प दिया है.