अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में मजबूत कारोबारी प्रदर्शन दर्ज किया है. कंपनी का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 2,102 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, EBITDA में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 340 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. कंपनी ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के नतीजों में गैस की बिक्री, नेटवर्क विस्तार और पाइपलाइन के जरिए घरों तक गैस पहुंचाने के कारोबार में वृद्धि की जानकारी दी है.
CNG की बिक्री में 17% की बढ़ोतरी
कंपनी के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान कुल गैस बिक्री की मात्रा 12 प्रतिशत बढ़कर 315 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (MMSCM) रही. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 280 MMSCM थी. इस दौरान सीएनजी (CNG) की बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 223 MMSCM हो गई, जबकि PNG की बिक्री 3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 92 MMSCM रही. कंपनी का कहना है कि सीएनजी नेटवर्क के विस्तार और विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में मांग बढ़ने से बिक्री को समर्थन मिला. सितंबर 2026 तक कंपनी के नेटवर्क में 723 सीएनजी स्टेशन शामिल थे. वहीं, करीब 11.81 लाख घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा पहुंच चुकी है.
छह महीने में 3999 करोड़ रुपये का राजस्व
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 31 प्रतिशत बढ़कर 3,999 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, इस अवधि में EBITDA 3 प्रतिशत बढ़कर 621 करोड़ रुपये हुआ. वहीं, कर पूर्व लाभ (PBT) 5 प्रतिशत घटकर 414 करोड़ रुपये और कर बाद लाभ (PAT) 7 प्रतिशत गिरकर 300 करोड़ रुपये रहा. दूसरी तिमाही में कंपनी का कर पूर्व लाभ 235 करोड़ रुपये और कर बाद लाभ 167 करोड़ रुपये रहा. पिछले साल की समान तिमाही में ये आंकड़े लगभग 217 करोड़ और 162 करोड़ रुपये थे.
गैस की बढ़ती लागत बनी चुनौती
कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट, ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतों, स्पॉट गैस की महंगी खरीद और रुपये में गिरावट से गैस की लागत पर दबाव पड़ा. दूसरी तिमाही में प्राकृतिक गैस की लागत 43 प्रतिशत बढ़ी. इसके अलावा, सीएनजी कारोबार में घरेलू गैस आवंटन औसतन करीब 25 प्रतिशत रहने से कंपनी को अन्य स्रोतों से गैस की व्यवस्था करनी पड़ी. कंपनी ने घरेलू गैस, दीर्घकालिक अनुबंधों और बाजार से खरीद के जरिए आपूर्ति बनाए रखने की कोशिश की. कीमतों में संतुलित बदलाव और विविध स्रोतों से खरीद की रणनीति ने लागत के दबाव को संभालने में मदद की.
इलेक्ट्रिक वाहन और बायोमास कारोबार में विस्तार
अदाणी टोटलएनर्जीज ई-मोबिलिटी ने 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 225 शहरों में 5,513 चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए हैं, जिनमें से 4,809 चालू हैं. दूसरी ओर, बायोमास कारोबार में कंपनी ने पहली छमाही के दौरान 460 टन कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) की बिक्री की. कंपनी ने बताया कि उसका फोकस गैस वितरण नेटवर्क बढ़ाने, परिचालन दक्षता सुधारने और नए ऊर्जा कारोबार में विस्तार करने पर बना हुआ है.