Adani Group ने Cochin Shipyard को दिया देश का सबसे बड़ा ऑर्डर
Make in India Initiative : अडानी ग्रुप ने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत कोचीन शिपयार्ड को 450 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया है।
Edited By News24 हिंदी

Edited By News24 हिंदी

Adani Places India’s Largest Order: अडानी ग्रुप (Adani Group) की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) ने ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत 8 टग्स खरीदने के लिए कोचीन शिपयार्ड को 450 करोड़ रुपये का ऑर्डर दिया है। कंपनी का कहना है कि ये भारत का सबसे बड़ा टग्स ऑर्डर है। बता दें कि टग उन छोटे, लेकिन शक्तिशाली जहाजों को कहा जाता है जो अपेक्षाकृत बड़े जहाजों को खींचकर डॉक आदि तक लेकर आते हैं।
देश की सबसे बड़ी निजी पोर्ट ऑपरेटर कंपनी APSEZ का कहना है कि ये ऑर्डर सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के अनुरूप हैं। इनसे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और समुद्री क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। APSEZ के अनुसार, इन टग्स की डिलीवरी दिसंबर 2026 में शुरू हो सकती है और मई 2028 तक जारी रह सकती है। इससे भारतीय बंदरगाहों में जहाजों के संचालन की दक्षता एवं सुरक्षा में सुधार आएगा। इस डील की अनुमानित लागत 450 करोड़ रुपये है।
अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन के पूर्णकालिक निदेशक एवं CEO अश्विनी गुप्ता ने कहा कि कोचीन शिपयार्ड को यह ऑर्डर भारत में समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही PSUs के प्रति हमारे विश्वास को भी उजागर करता है। उन्होंने आगे कहा कि विश्व स्तरीय घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं का फायदा उठाकर हमारा लक्ष्य ‘मेक इन इंडिया’ पहल में योगदान देना है और ये सुनिश्चित करना है कि हमारा संचालन सुरक्षा एवं दक्षता के अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करता है।
इससे पहले, APSEZ ने ओशन स्पार्कल लिमिटेड के लिए कोचीन शिपयार्ड को दो 62-टन के बोलार्ड पुल ASD (अजीमुथिंग स्टर्न ड्राइव) टग के निर्माण का ऑर्डर दिया था। दोनों ही ऑर्डर समय पर पूरे हुए और उन्हें पारादीप पोर्ट एवं न्यू मैंगलोर पोर्ट पर तैनात किया गया है। जबकि तीन अतिरिक्त ASD टग्स का निर्माण अभी चल रहा है, जिससे कुल ऑर्डर 13 टग्स तक पहुंच गया है। इसका मकसद पोर्ट सेक्टर में कुशल और विश्वसनीय सेवाओं के लिए एक युवा बेड़ा प्रदान कराना है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: