त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है और हर कोई अपने घर के लिए नया टीवी, एसी, फ्रिज या वॉशिंग मशीन लेने का मन बना रहा है. लेकिन अगर आप भी दिवाली सेल का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है कि 1 अक्टूबर 2026 से कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज के दाम 5% से 8% तक बढ़ने वाले हैं.
यानी जिस एसी या स्मार्ट टीवी को आप खरीदने की सोच रहे थे, उसके लिए अब आपको ढीली करनी पड़ सकती है ज्यादा जेब.
आइए, समझते हैं कि आखिर अचानक ये सामान इतने महंगे क्यों होने जा रहे हैं और ग्राहकों पर इसका क्या असर पड़ेगा.
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
यह 2026 में इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के की जाने वाली तीसरी प्राइस हाइक (Price Hike) है. कंपनियों का कहना है कि उनके पास कीमतें बढ़ाने के अलावा कोई और रास्ता ही नहीं बचा है. कॉपर (तांबा), एल्युमिनियम, स्टील और क्रूड ऑयल से बनने वाले प्लास्टिक की कीमतें वैश्विक तनाव और युद्ध की वजह से काफी बढ़ गई हैं. केवल कॉपर की ही बात करें, तो इसके दाम में 25% से 35% तक का भारी उछाल आया है.
पश्चिम एशिया संकट (West Asia Crisis) और ग्लोबल अनिश्चितता के कारण डॉलर मजबूत हुआ है, जिससे इम्पोर्ट करना महंगा हो गया है. इसके अलावा माल को एक जगह से दूसरी जगह भेजने का किराया और माल भाड़ा भी काफी बढ़ चुका है.
किस ब्रांड ने कितनी बढ़ाईं कीमतें?
अलग-अलग कंपनियों ने अपने-अपने हिसाब से नई दरें लागू करने का ऐलान किया है:
Blue Star & Daikin: एसी और डीप फ्रीजर के दाम 5% से 10% तक बढ़ा दिए गए हैं.
Godrej Appliances: सभी कैटेगरी में 5% से 7% तक की बढ़ोतरी होने वाली है.
Haier India: एसी पर 1 अक्टूबर से 5% और टीवी-वॉशिंग मशीन पर 2-3% की बढ़ोतरी का प्लान है. हैयर का मानना है कि जनवरी तक कीमतें कुल 15% तक बढ़ सकती हैं.
LG & Hitachi: इन्होंने भी अपने एसी मॉडल में करीब 5% का इजाफा किया है.
Smart TVs (SPPL & Videotex): थॉमसन, कोडक जैसे ब्रांड्स अक्टूबर के बाद टीवी के दाम 7% तक बढ़ाएंगे. छोटे स्क्रीन साइज वाले टीवी दिवाली के बाद 20% तक महंगे हो सकते हैं.
क्या त्योहारों की खरीदारी पर पड़ेगा असर?
अब सबसे बड़ा सवाल- क्या दिवाली पर डिस्काउंट नहीं मिलेंगे? कंपनियों के अधिकारियों और डीलरों का मानना है कि त्योहारों से ठीक पहले पैनिक करने की जरूरत नहीं है. ज्यादातर डीलरों और रिटेलर्स ने अगस्त और सितंबर में ही पुराना स्टॉक खरीदकर रख लिया था. इसलिए दिवाली तक आपको पुराना स्टॉक पुरानी कीमतों पर ही मिल सकता है. गोदामों में रखा पुराना स्टॉक खत्म होते ही, यानी दिवाली के बाद (नवंबर से) नई और बढ़ी हुई दरें पूरी तरह लागू हो जाएंगी.
अगर आपके घर में शादी है या आप दिवाली पर नया एसी, टीवी या फ्रिज लेने का मन पक्का कर चुके हैं, तो दिवाली सेल और प्री-बुक ऑफर्स का फायदा उठाकर जल्द से जल्द खरीदारी निपटा लें! दिवाली के बाद रुकना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है.