केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें हमेशा 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से जुड़े हर एक अपडेट पर टिकी रहती हैं. हाल ही में जब वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर एक नया अपडेट या बैनर दिखाई दिया, तो कर्मचारियों के बीच चर्चाएं तेज हो गईं. हर किसी के मन में यही सवाल था कि क्या यह नया अपडेट सैलरी, पेंशन या वेतन आयोग की सिफारिशों से जुड़ा हुआ है.
क्या वेतन आयोग की वेबसाइट पर आया अपडेट सैलरी से जुड़ा है?
बिल्कुल नहीं. आठवें वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जो नया बैनर फ्लैश हो रहा है, उसका केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, एरियर या पेंशन में होने वाले बदलाव से कोई लेना-देना नहीं है. यह वेतन आयोग की सिफारिशों से जुड़ा कोई नोटिफिकेशन नहीं है. वेतन आयोग की वेबसाइट पर जो बैनर दिख रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात का एक प्रचार संदेश है.
बैनर के मुताबिक पीएम मोदी 29 नवंबर को मन की बात करेंगे, जो इस कार्यक्रम का 140वां एपिसोड होगा. अगर कोई नागरिक पीएम मोदी के इस एपिसोड में अपने विचार या मुद्दे शामिल कराना चाहता है, तो वह टोल-फ्री नंबर 1800-11-7800 पर कॉल करके हिंदी या अंग्रेजी में अपना संदेश रिकॉर्ड करा सकता है. इसके अलावा 1922 पर मिस्ड कॉल देकर मिले एसएमएस लिंक के जरिए भी सुझाव भेजे जा सकते हैं.
सरकारी वेबसाइटों पर क्यों दिखते हैं ऐसे बैनर?
केंद्र सरकार के नियमों के मुताबिक, सरकार की सभी आधिकारिक वेबसाइटों पर सरकारी योजनाओं, महत्वपूर्ण अभियानों और सूचनाओं का प्रचार करने के लिए एक विशेष व्यवस्था होती है. इससे पहले भी वेतन आयोग की वेबसाइट पर पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्तों से जुड़े बैनर दिखाई दे चुके हैं. ठीक इसी व्यवस्था के तहत वेबसाइट पर मन की बात का बैनर लगाया गया है.
8th Pay Commission से जुड़ा आखिरी आधिकारिक अपडेट कब आया था?
8वें वेतन आयोग की वेबसाइट पर आखिरी आधिकारिक नोटिफिकेशन 21 सितंबर 2026 को जारी किया गया था. उस नोटिफिकेशन में बीते 22-23 अक्टूबर को मुंबई में हुई बैठक के बारे में जानकारी दी गई थी. आपको बता दें कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में हुआ था. आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय मिला है, और माना जा रहा है कि नए वेतनमान 1 जनवरी 2026 से लागू हो सकते हैं.
अगर आप भी 8वें वेतन आयोग की वेबसाइट पर नया बैनर देखकर सैलरी या डीए में बढ़ोतरी की उम्मीद लगा रहे थे, तो आपको बता दें कि यह केवल सरकार का एक सामान्य प्रचार संदेश है. वेतन आयोग की तरफ से अभी सैलरी रिवीजन को लेकर कोई नया नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है.