Nissan Gravite vs Renault Triber: अगर आप कम बजट में एक 7-सीटर फैमिली कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो Nissan Gravite और Renault Triber आपके लिए मजबूत विकल्प बनकर सामने आए हैं. Nissan ने हाल ही में अपनी नई Gravite MPV लॉन्च की है, जो Triber पर ही आधारित है लेकिन इसमें कुछ अलग स्टाइल और अतिरिक्त फायदे दिए गए हैं. ऐसे में सवाल यह है कि दोनों में से कौन-सी कार आपके लिए ज्यादा बेहतर और वैल्यू फॉर मनी साबित होगी? आइए आसान भाषा में दोनों का पूरा तुलना समझते हैं.
वेरिएंट और कीमत- कौन ज्यादा किफायती?
Nissan Gravite को पांच वेरिएंट- Visia, Acenta, N-Connecta, Tekna और Launch Edition में पेश किया गया है. इसकी कीमत 5.65 लाख रुपये से शुरू होकर 8.93 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. वहीं Renault Triber चार वेरिएंट- Authentic, Evolution, Techno और Emotion में उपलब्ध है, जिसकी कीमत 5.76 लाख से 8.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है. एंट्री लेवल पर Gravite, Triber से करीब 11,000 रुपये सस्ती है, लेकिन टॉप मॉडल में यह लगभग 33,000 रुपये महंगी पड़ती है.
---विज्ञापन---
वारंटी और कलर ऑप्शन- यहां Nissan को बढ़त
---विज्ञापन---
Nissan Gravite के साथ 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी मिलती है, जिसे बढ़ाकर 10 साल या 2 लाख किलोमीटर तक किया जा सकता है, जो इस सेगमेंट में काफी बेहतर है. साथ ही पहले 5,000 ग्राहकों को 5 साल तक जीरो सर्विस कॉस्ट का फायदा भी मिलेगा. दूसरी ओर Triber में 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की वारंटी मिलती है, जिसे बढ़ाकर 7 साल या 1.5 लाख किलोमीटर तक किया जा सकता है. Triber छह रंगों में उपलब्ध है, जबकि Gravite पांच नए कलर ऑप्शन में आती है.
साइज और प्लेटफॉर्म- लगभग एक जैसी कार
दोनों कारें एक ही CMF-A+ प्लेटफॉर्म पर बनी हैं और इनके साइज में ज्यादा अंतर नहीं है. Triber की लंबाई 3,990 mm है, जबकि Gravite 3,987 mm लंबी है. Gravite थोड़ी संकरी है, लेकिन ऊंचाई में 1 mm ज्यादा है. दोनों का व्हीलबेस 2,636 mm, ग्राउंड क्लीयरेंस 182 mm और 15-इंच के व्हील्स एक जैसे ही हैं. यानी स्पेस और रोड प्रेजेंस के मामले में दोनों लगभग समान हैं.
इंजन और परफॉर्मेंस
Nissan Gravite और Renault Triber दोनों में 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 72hp की पावर और 96 Nm टॉर्क देता है. इसमें 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है. इसके अलावा मैनुअल वेरिएंट में CNG किट भी लगवाई जा सकती है, जिस पर 3 साल की वारंटी दी जाती है. परफॉर्मेंस के मामले में दोनों कारों के बीच कोई खास अंतर नहीं है.
फीचर्स और इंटीरियर
दोनों कारें 5+2 सीटिंग लेआउट के साथ आती हैं और इनके केबिन का डिजाइन काफी हद तक एक जैसा है. फीचर्स की बात करें तो इनमें LED DRLs, प्रोजेक्टर हेडलैंप, 8-इंच टचस्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, रियर कैमरा, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, क्रूज कंट्रोल, ऑटो हेडलाइट्स, ऑटो वाइपर्स और फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स मिलते हैं. Gravite के लॉन्च एडिशन में JBL साउंड सिस्टम, ड्यूल-चैनल डैशकैम, एंबियंट लाइटिंग और एयर प्यूरीफायर जैसे अतिरिक्त फीचर्स भी दिए गए हैं.
सेफ्टी फीचर्स- दोनों में बराबरी
सुरक्षा के मामले में दोनों कारें मजबूत हैं. इनमें 6 एयरबैग स्टैंडर्ड, TPMS, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, ABS, ब्रेक असिस्ट और हिल स्टार्ट असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. यानी सेफ्टी के मामले में Gravite और Triber दोनों बराबर हैं.
किसे चुनें?
अगर आप कम कीमत में भरोसेमंद और प्रैक्टिकल 7-सीटर चाहते हैं, तो Renault Triber एक अच्छा विकल्प है. लेकिन अगर आप लंबी वारंटी, कुछ अतिरिक्त फीचर्स और अलग लुक चाहते हैं, तो Nissan Gravite आपके लिए बेहतर डील साबित हो सकती है. दोनों कारें फैमिली उपयोग के लिए वैल्यू फॉर मनी विकल्प हैं.
ये भी पढ़ें- इतनी सस्ती 7-सीटर? Nissan Gravite की कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान, जानें हर वेरिएंट का प्राइज और खास ऑफर्स