सड़क पर कार या बाइक चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, RC और दूसरे जरूरी कागज साथ रखना तो सभी जानते हैं, लेकिन एक और दस्तावेज ऐसा है जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. अगर आपकी गाड़ी का PUC सर्टिफिकेट एक्सपायर हो चुका है और फिर भी आप उसे सड़क पर चला रहे हैं, तो चालान कट सकता है. अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है. मोबाइल फोन से घर बैठे सिर्फ कुछ स्टेप्स में पता लगाया जा सकता है कि आपकी गाड़ी का PUC वैलिड है या नहीं.
बिना वैध PUC गाड़ी चलाने पर कितना चालान हो सकता है?
नए ट्रैफिक नियमों के मुताबिक बिना वैध PUC के गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. इसलिए सड़क पर निकलने से पहले यह देख लेना बेहतर है कि आपकी कार या बाइक का PUC अभी वैलिड है या नहीं.
मोबाइल से PUC स्टेटस कैसे चेक करें?
PUC की जानकारी चेक करने के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के आधिकारिक परिवहन पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे पहले अपने मोबाइल में परिवहन विभाग की वेबसाइट खोलें. वेबसाइट के होमपेज पर आपको कई विकल्प दिखाई देंगे. इनमें से PUC Certificate वाले विकल्प पर क्लिक करें.
PUC Certificate पर क्लिक करने के बाद एक नया पेज खुलेगा. यहां सबसे पहले आपको अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद अपनी गाड़ी के चेसिस नंबर के आखिरी 5 अंक डालने होंगे. यह नंबर आपकी गाड़ी की RC पर आसानी से मिल सकता है. इसके बाद स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड भरें और PUC Details पर क्लिक कर दें.
PUC स्टेटस चेक करते समय गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर ध्यान से भरें. जल्दबाजी में किसी अक्षर या नंबर की गलती होने पर गाड़ी की डिटेल स्क्रीन पर दिखाई नहीं दे सकती है. चेसिस नंबर डालते समय भी ध्यान रखें कि यहां पूरा नंबर नहीं, बल्कि उसके आखिरी 5 अंक दर्ज करने हैं.
चेसिस नंबर नहीं है तो क्या करें?
अगर किसी वजह से आपके पास चेसिस नंबर उपलब्ध नहीं है तो कुछ मामलों में व्हीकल का इंजन नंबर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. सभी जरूरी जानकारी सही तरीके से भरने के बाद स्क्रीन पर आपकी गाड़ी के PUC का जानकारी दिखाई देगी. यहां आप पता लगा सकते हैं कि सर्टिफिकेट अभी एक्टिव है या एक्सपायर हो चुका है.
PUC समय पर रिन्यू कराना क्यों जरूरी है?
गाड़ी का PUC समय रिन्यू कराना आपकी जेब पर पड़ने वाले जुर्माने से बचने के साथ-साथ जरूरी दस्तावेजों को अपडेट रखने के लिए भी अहम है. अगर एक्सपायर्ड PUC के साथ गाड़ी चलाने हुए पकड़े जाते हैं तो 10 हजार रुपये तक का चालान हो सकता है कुछ मामलों में तीन महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड भी किया जा सकता है.
PUC एक्सपायर हो जाए तो क्या करें?
अगर ऑलाइन स्टेटस चेक करने पर पता चलता है कि आपकी गाड़ी का PUC एक्सपायर हो चुका है तो इसे नजरअंदाज न करें. गाड़ी को नजदीकी पेट्रोल पंप या ऑथराइज्ड PUC सेंटर पर ले जाकर नया सर्टिफिकेट बनवाएं. नया PUC बनने के बाद इसकी जानकारी सरकारी सर्वर पर भी अपडेट हो जाती है.
नई और पुरानी गाड़ी का PUC कितने समय तक वैलिड रहता है?
नई गाड़ियों के लिए PUC एक साल तक वैलिड रहता है. वहीं पुरानी गाड़ियों के लिए इसे हर 6 महीने में रिन्यू कराना पड़ता है. इसलिए खासकर पुरानी कार या बाइक इस्तेमाल करने वालों को समय-समय पर अपना PUC स्टेटस चेक करते रहना चाहिए, ताकि एक्सपायर सर्टिफिकेट के साथ सड़क पर निकलने की स्थिति न आए.