दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए 1 नवंबर से बाहर के राज्यों में रजिस्टर्ड पुरानी गाड़ियों की एंट्री पर नए प्रतिबंध लागू होने वाले हैं. इसके तहत BS-6 से पुराने एमिशन मानक वाली पेट्रोल और डीजल गाड़ियों को दिल्ले में आने से रोका जाएगा, जबकि CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों को छूट मिलेगी. ऐसे में अगर आप नोएडा, गुरुग्राम या गाजियाबाद से रोजाना दिल्ली आते-जाते हैं तो अपनी गाड़ी का एमिशन नॉर्म जानना जरूरी है. अगर आपको नहीं पता कि आपकी कार BS4 है या BS6, तो कुछ आसान तरीकों से इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं.
ऐसे पता करें आपकी कार BS4 है या BS6
वाहन पोर्टल से ऑनलाइन चेक करें एमिशन नॉर्म
अपनी गाड़ी का एमिशन नॉर्म जानने के लिए सरकार के परिवहन यानी VAHAN पोर्टल की मदद ले सकते हैं. यह जानकारी हासिल करने का एक भरोसेमंद तरीका है. इसके लिए पोर्टल पर जाकर Know Your Vehicle Details विकल्प खोलें. यहां अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा दर्ज करना होगा. इसके बाद सामने आने वाली वाहन की जानकारी में एमिशन नॉर्म चेक करें. यहां Bharat Stage IV यानी BS4 या Bharat Stage VI यानी BS6 लिखा हो सकता है.
RC में भी मिल सकती है जानकारी
आप अपनी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट यानी RC में भी एमिशन नॉर्म चेक कर सकते हैं. हालांकि हर RC पर यह जानकारी दर्ज हो, यह जरूरी नहीं है. अगर RC में एमिशन मानक का जिक्र नहीं है, तो गाड़ी के साथ मिलने वाले फॉर्म 22 को देखें. वाहन निर्माता की ओर से जारी इस दस्तावेज में गाड़ी का लागू एमिशन मानका की जानकारी होती है. अगर आपके पास यह डॉक्यूमेंट नहीं है, तो संबंधित डीलर या वाहन निर्माता से संपर्क कर सकते हैं.
विंडस्क्रीन पर लगे स्टिकर से मिल सकता है संकेत
गाड़ी की विंडस्क्रीन पर लगा स्टिकर भी एमिशन मानक पहचानने में मदद कर सकता है. स्टिकर के ऊपरी हिस्से में करीब एक सेंटीमीटर की हरी पट्टी BS-6 वाहन का संकेत देती है. वहीं हल्के नीले रंग का इस्तेमाल पेट्रोल और CNG वाहनों के लिए, जबकि नारंगी रंग डीजल वाहनों के लिए किया जाता है. हालांकि, केवल स्टिकर देखकर अंतिम फैसला न करें. अगर स्टिकर खराब हो गया है या उसे बदला गया है, तो दूसरे तरीकों से भी जानकारी की पुष्टि करें.
मैन्युफैक्चरिंग और रजिस्ट्रेशन डेट भी करें चेक
भारत में BS4 एमिशन मानक 1 अप्रैल 2017 से और BS6 मानक 1 अप्रैल 2020 से लागू हुए थे. इसी वजह से अप्रैल 2020 के बाद रजिस्टर्ड गाड़ियां आमतौर पर BS6 मानक वाली होती हैं. लेकिन सिर्फ रजिस्ट्रेशन की तारीख देखकर अपनी गाड़ी को BS6 मान लेना सही नहीं है. वाहन कब बना था और उसके मॉडल को किस एमिशन मानक के तहत प्रमाणित किया गया था, यह जानकारी भी मायने रखती है. इसलिए तारीख के साथ आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच जरूर करें.
VIN नंबर से भी पता कर सकते हैं एमिशन नॉर्म
अगर RC या दूसरे दस्तावेजों में एमिशन मानक की जानकारी नहीं मिल रही है, तो गाड़ी के चेसिस नंबर या VIN क मदद ले सकते हैं इसके लिए अपनी कार के ऑथराइज्ड डीलर से संपर्क करें. डीलर या वाहन निर्माता इस नंबर के आधार पर संबंधित मॉडल की जानकारी जुटाकर बता सकता है कि आपकी गाड़ी किस एमिशन मानक के तहत आती है. दिल्ली में एंट्री से जुड़े प्रतिबंधों को देखते हुए सफर से पहले यह जानकारी जांच लेना बेहतर रहेगा.