भारत में इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट लगातार तेजी से बढ़ रहा है और अब इस रेस में Honda भी अपनी पहली इलेक्ट्रिक SUV के साथ उतरने जा रही है. कंपनी ने अपनी इस नई इलेक्ट्रिक SUV की भारत में डेब्यू डेट का खुलासा कर दिया है. Honda Cars India ने पुष्टि की है कि 0 Alpha कॉन्सेप्ट पर बेस्ड इलेक्ट्रिक SUV 2 दिसंबर को भारत में डेब्यू करेगी. हालांकि, कंपनी ने अभी इसके प्रोडक्शन वर्जन का फाइनल नाम और बिक्री शुरू होने की तारीख की जानकारी नहीं दी है. डेब्यू इवेंट में इसके डिजाइन, फीचर्स और पावरट्रेन से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है. खास बात यह है कि इसे भारत में ही तैयार किया जाएगा और यहां बिक्री के साथ-साथ दूसरे देशों में भी एक्सपोर्ट किया जाएगा.
जापान के बाद भारत में शुरू हुई टेस्टिंग
इस इलेक्ट्रिक SUV को पहली बार अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में प्रोटोटाइप के तौर पर दिखाया गया था. इसके बाद कंपनी ने भारत में इसकी टेस्टिंग शुरू की. 16 मार्च 2026 से होंडा ने पैन-इंडिया रोड वेरिफिकेशन प्रोग्राम चलाया, जिसमें प्रोटोटाइप को अलग-अलग तरह की सड़कों और परिस्थितियों में टेस्ट किया गया.
भारतीय सड़कों के हिसाब की गई तैयार
टेस्टिंग के दौरान इस SUV को हाईवे, शहरों और मुश्किल इलाकों में चलाया गया. कंपनी का फोकस इसकी ड्यूरेबिलिटी, हैंडलिंग और एफिशियंसी की जांच पर रहा. यानी नई इलेक्ट्रिक SUV को सिर्फ ग्लोबल मॉडल के तौर पर नहीं, बल्कि भारतीय सड़कों और यहां की ड्राइविंग कंडीशन को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
कैसा होगा डिजाइन?
कैमोफ्लाज के साथ टेस्टिंग के दौरान नजर आई SUV को देखकर साफ है कि इसका डिजाइन Honda 0 Alpha कॉन्सेप्ट से इन्स्पायर्ड है. इसके आकार के एलिवेट के आसपास होने की संभावना है. SUV में फ्रंट और रियर लाइटिंग के साथ बॉडी प्रोफाइल और ओवरऑल डिजाइन को मॉडर्न और फ्यूचरिस्टिक रखा गया है.
केबिन में मिल सकते हैं ये फीचर्स
इसके केबिन की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि प्रोडक्शन मॉडल में बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया जाएगा. इसके अलावा Honda Sensing जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिल सकते हैं. फाइनल फीचर लिस्ट का खुलासा कंपनी डेब्यू के दौरान कर सकती है.
400 KM से ज्यादा हो सकती है रेंज
Honda ने अभी इसकी बैटरी और रेंज के आंकड़े आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें सिंगल मोटर के साथ फ्रंट-व्हील ड्राइव सेटअप दिया जा सकता है. इसमें 60 से 75 kWh के बीच का बैटरी पैक मिलने की संभावना है. एक बार फुल चार्ज करने पर इसकी रेंज 400 किलोमीटर से ज्यादा हो सकती है. फास्ट चार्जिंग से जुड़ी जानकारी भी लॉन्च के समय सामने आ सकती है.
राजस्थान में होगा प्रोडक्शन
होंडा इस इलेक्ट्रिक SUV का प्रोडक्शन राजस्थान के तपुकड़ा प्लांट में करेगी. कंपनी भारत को इस मॉडल के लिए सिर्फ घरेलू बाजार नहीं, बल्कि ग्लोबल एक्सपोर्ट बेस के तौर पर भी इस्तेमाल करेगी. यानी भारत में बनने वाली यह SUV दूसरे इंटरनेशनल मार्केट में भी भेजी जाएगी.
किन गाड़ियों को देगी टक्कर?
भारत में लॉन्च होने के बाद होंडा की इलेक्ट्रिक SUV का मुकाबला Hyundai Creta Electric, Mahindra BE6 और Tata Sierra EV जैसे मॉडलों से होगा. इस सेगमेंट में पहले से मौजूद कंपनियों के बीच होंडा की एंट्री से इलेक्ट्रिक SUV बाजार में मुकाबला और बढ़ने की उम्मीद है.
2027 की शुरुआत में मिल सकती है डिलीवरी
इस इलेक्ट्रिक SUV का भारतीय डेब्यू 2 दिसंबर 2026 को होगा. ग्राहकों को इसकी डिलीवरी 2027 की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है. फिलहाल इसकी कीमत और फाइनल फीचर लिस्ट सामने नहीं आई है. कंपनी डेब्यू के दौरान इसकी कई अहम जानकारियों से पर्दा उठा सकती है.