अगर आपने सड़क प किसी कार के आगे या पीछ लाल रंग का L लिखा देखा है तो इसे सिर्फ एक निशान समझकर नजरअंदाज न करें. कार पर लगा ये L बताता है कि गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति अभी ड्राइविगं सीख रहा है और उसके पास लर्निंग लाइसेंस है. ऐसे में सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए भी यह जानना जरूरी होता है कि सामने वाली कार कोई अनुभवी ड्राइवर नहीं बल्कि एक लर्नर चला रहा है. यही वजह है कि लर्नर लाइसेंस के साथ गाड़ी चलाते समय ‘L’ प्लेट लगाने के नियम बनाए गए हैं. जानते हैं कार पर ‘L’ प्लेट से जुड़े जरूरी नियम.
कार पर L लगाने का क्या मतलब है?
कार पर लाल रंग का L लगा होने का सीधा मतलब है कि वाहन चलाने वाला व्यक्ति ड्राइविंग सीख रहा है. कई लोगों को लगता है कि यह निशान केवल ड्राइविंग स्कूल की कारों पर ही लगाया जाता है, लेकिन ऐसा नहीं है. लर्नर लाइसेंस ड्राइवर जब ड्राइविंग सीखने के लिए वाहन चालाता है तब कार पर ‘L’ प्लेट लगाना जरूरी होता है.
कार पर L प्लेट कहां लगानी होती है?
सेंट्रल मोटर व्हीकल्स नियम, 1989 के नियम 3 के मुताबिक कार के आगे और पीछे दोनों तरफ L का निशान होना चाहिए. इसे वाहन पर पेंट किया जा सकता है या प्लेट कार्ड के रूप में लगाया जा सकता है. नियम के अनुसार L लाल रंग का होना चाहिए और इसका बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए. यानी कहीं भी छोटे कागज पर L लिखकर चिपका देना नियम में बताई गई व्यवस्था के मुताबिक पर्याप्त नहीं है.
L प्लेट का साइज कितना होना है?
लर्नर कार पर लगाए जाने वाले ‘L’ निशान के आकार को लेकर भी नियम में प्रावधान है. प्लेट या वाहन के जिस हिस्से पर L लगाया गया है, वह कम से कम 18 सेंटीमीटर वर्ग का होना चाहिए. वहीं L अक्षर की ऊंचाई कम से कम 10 सेंटीमीटर, मोटाई 2 सेंटीमीटर और नीचे की चौड़ाई 9 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है. इस आकार का मकसद यह है कि सड़क पर दूसरे लोगों को दूर से ही पता चल सके कि वाहन लर्नर चला रहा है.
क्या लर्नर लाइसेंस वाला अकेले कार चला सकता है?
सिर्फ लर्नर लाइसेंस मिल जाने का मतलब ये नहीं है कि व्यक्ति अकेले कार लेकर सड़क पर निकल सकता है. लर्नर लाइसेंस वाले के साथ गाड़ी में ऐसा व्यक्ति बैठा होना चाहिए, जिसके पास संबंधित वाहन को चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस हो. यह व्यक्ति ऐसी सीट पर होना चाहिए जहां से जरूरत पड़ने पर वह वाहन को नियंत्रित या रोक सके. इसलिए ड्राइविंग सीखते समय अनुभवी और वैध लाइसेंसधारी व्यक्ति का साथ होना जरूरी है.
कब हटा सकते हैं L साइन?
जब लर्नर ड्राइवर ड्राइविंग टेस्ट पास कर लेता है और उसका स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बन जाता है, तब उसे लर्नर के तौर पर L प्लेट लगाने की जरूरत नहीं रहती. यानी स्थायी लाइसेंस मिलने के बाद वाहन से L का निशान हटाया जा सकता है.