दिवाली पर अगर नई बाइक खरीदने का प्लान है और बजट 1 लाख रुपये तक है, तो 125 सीसी सेगमेंट आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. इस कैटेगरी की बाइक्स रोजाना ऑफिस या कॉलेज आने-जाने के लिए काफी पसंद की जाती हैं. इनमें अच्छा माइलेज मिलने के साथ शहर में चलाने के लिए पर्याप्त पावर और स्पोर्टी डिजाइन भी मिल जाता है. बाजार में TVS, Honda और बजाज जैसे ब्रांड्स की कई 125सीसी बाइक मौजूद हैं. यहां हम 1 लाख रुपये से कम में आने वाली 5 बाइक के ऑप्शन बता रहे हैं.
1 लाख से कम में मिलेंगी ये 5 धांसू बाइक्स
TVS Raider 125
अगर आपको डेली कम्यूट के लिए स्पोर्टी डिजाइन और आधुनिक फीचर्स वाली बाइक चाहिए, तो TVS Raider 125 एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसमें 124.8cc का 3-वाल्व इंजन दिया गया है, जो 11.4 hp की पावर और 11.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. बाइक शहर और हाईवे को मिलाकर करीब 56 से 60 किमी/लीटर का माइलेज दे सकती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 84,460 रुपये है.
Honda SP 125
अगर आपकी प्राथमिकता माइलेज और भरोसेमंद इंजन है, तो Honda SP 125 पर विचार किया जा सकता है. इसमें 123.94cc का इंजन मिलता है, जो 10.9 hp की पावर और 10.9 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. यह बाइक करीब 60 से 65 किमी/लीटर तक का माइलेज दे सकती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 89,748 रुपये है.
Hero Xtreme 125R
अगर आप 1 लाख रुपये के बजट में स्पोर्टी और मस्कुलर लुक वाली बाइक चाहते हैं, तो Hero Xtreme 125R देख सकते हैं. इसमें 124.7cc का इंजन दिया गया है, जो 11.5 hp की पावर और 10.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी के मुताबिक, यह बाइक करीब 66 किमी/लीटर तक का माइलेज दे सकती है. बाइक की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 91,500 रुपये है.
Bajaj Pulsar 125 और Pulsar N125
अगर आप Pulsar के मस्कुलर डिजाइन को पसंद करते हैं, तो Bajaj Pulsar 125 या स्पोर्टी Pulsar N125 पर नजर डाल सकते हैं. इनका इंजन करीब 11.8 से 12.1 hp तक की पावर देता है. ज्यादा पावर के चलते इनका माइलेज करीब 50 से 55 किमी/लीटर के बीच रह सकता है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 92,990 रुपये है.
Honda Shine 125
Honda Shine 125 लंबे समय से रोजाना इस्तेमाल के लिए पसंद की जाने वाली बाइक है. अगर आपको ज्यादा तड़क-भड़क वाले फीचर्स के बजाय सरल डिजाइन, आरामदायक सीट और कम मेंटेनेंस वाली बाइक चाहिए, तो यह विकल्प आपके काम आ सकता है. यह करीब 55 से 60 किमी/लीटर का माइलेज दे सकती है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 82,722 रुपये है.
किसके लिए कौन-सी बाइक बेहतर?
अगर आपकी पहली पसंद स्पोर्टी लुक और मॉडर्न फीचर्स हैं तो TVS Raider 125 या Hero Xtreme 125R पर विचार किया जा सकताहै. वहीं, ज्यादा माइलेज और भरोसेमंद डेली कम्यूट के लिए Honda SP 125 और Honda Shine 125 बेहतर ऑप्शन हो सकती हैं. अगर आपको मस्कुलर डिजाइन और दमदार परफॉर्मेंस पसंद है तो Bajaj Pulsar 125 या Pulsar N125 को भी शॉर्टलिस्ट किया जा सकता है.