Kark Rashi Arthik Varshik Rashifal Prediction 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में 9 ग्रहों के अलावा 12 राशियों का भी उल्लेख है. 12 राशियों में पहला स्थान मेष राशि, दूसरा स्थान वृषभ राशि, तीसरा स्थान मिथुन राशि और चौथा स्थान कर्क राशि को प्राप्त है. चंद्र यानी चंद्रमा कर्क राशि के स्वामी हैं, जो व्यक्ति के सुख, वाणी, माता से रिश्ता, मानसिक स्थिति और बुद्धिमत्ता आदि का प्रतिनिधित्व करते हैं. द्रिक पंचांग के मुताबिक, नए साल 2026 में चंद्र की शुभ और अशुभ दृष्टि तो कर्क राशि वालों पर पड़ेगी. साथ ही समय-समय पर कुछ ग्रहों के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव का भी सामना करना पड़ेगा.
हालांकि, वार्षिक राशिफल के जरिए साल शुरू होने से पहले ही व्यक्ति को पता चल सकता है कि ये वर्ष उनके लिए कैसा रहेगा. आज हम आपको पंचांग की मदद से बताने जा रहे हैं कि साल 2026 में कर्क राशि वालों की आर्थिक स्थिति कैसी रहने वाली है.
व्यापार-
2025 की तुलना में 2026 व्यापारियों के लिए अच्छा रहेगा. इस साल आप बड़े बुजुर्गों व अनुभवी लोगों की जितनी सहायता लेंगे, उतनी जल्दी व्यापार बढ़ेगा. जून से लेकर अक्टूबर में आप जितनी मेहनत करेंगे, उतने अच्छे परिणाम मिलेंगे. हालांकि, इन 5 महीनों में आपको बिना मेहनत के किसी भी काम में सफलता नहीं मिलेगी. अक्टूबर से दिसंबर के बीच आपको मेहनत के अनुरूप कामयाबी मिलेगी, लेकिन इस दौरान भागदौड़ अधिक करनी होगी.
नौकरी-
कर्क राशि के नौकरीपेशा जातकों के लिए साल 2026 औसत से बेहतर रहने वाला है. 02 जून 2026 तक कार्यक्षेत्र में परिस्थिति आपके अनुकूल रहेगी. हालांकि, भागदौड़ अधिक करनी पड़ेगी. जून से लेकर नवंबर तक आप थोड़ा परेशान रहेंगे. मेहनत करने के बाद भी अच्छे परिणाम नहीं मिलेंगे. साल 2026 के आखिरी महीने में आपको ग्रहों की कृपा से अपार सफलता मिलेगी. ऑफिस में बॉस आपके काम से खुश रहेंगे. उम्मीद है कि इस वर्ष आपका प्रमोशन हो जाएगा.
निवेश-
साल 2026 के पहले भाग में निवेश करना कर्क राशि वालों के लिए अच्छा नहीं रहेगा. इस दौरान आप जितना पैसा जोड़ेंगे, उतना लाभदायक रहेगा. हालांकि, साल के आखिरी 6 माह में निवेश करने के सुनहरे मौके मिलेंगे. आप जिस भी जगह निवेश करेंगे, वहीं से लाभ होगा. खासकर, गोल्ड और जमीन-जायदाद में निवेश करना अच्छा रहेगा.
सावधानी-
नए साल में कर्क राशि वालों को पैसों को लेकर थोड़ा सावधान रहना होगा. खासकर, किसी के कहने पर पैसे बर्बाद न करें, बल्कि बचत करने पर ध्यान दें. यदि आप सालभर अपनी इनकम के हिसाब से खर्चा करेंगे तो तनाव नहीं रहेगा.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.