ग्रेटर नोएडा में स्कूल बस ड्राइवर ने ली जान, कंडक्टर को पहिए से रौंद कर मार डाला
Author: Md Junaid Akhtar
May 27, 2025 09:23 PM IST
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक स्कूल बस कंडक्टर की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी ड्राइवर ने स्कूल बस कंडक्टर की जान ली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्कूल बस में कंडक्टर था मुकेश
मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस कंडक्टर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह सर्वोत्तम इंटरनेशनल स्कूल की बस में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था। घटना दोपहर की है जब स्कूल स्टाफ ने पार्किंग फुल होने के कारण बस को स्कूल के बाहर सड़क पर खड़ा किया।
बस पहिए के नीचे दबकर हुई मौत
बताया जा रहा है कि बस से खराबी की आवाज आने पर चालक ने मुकेश को नीचे जाकर जांच करने को कहा। जैसे ही मुकेश बस के नीचे गया, चालक ने अचानक वाहन चला दिया। इस दौरान मुकेश बस के नीचे आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इन पर लगा लापरवाही का आरोप
मृतक के चाचा सचिन पाल ने स्कूल प्रशासन और बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इनकी लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ। मुकेश मूल रूप से बदायूं जिले का रहने वाला था और लंबे समय से ग्रेटर नोएडा के फेस-2 में रह रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बस को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।