हरियाणा के गुरुग्राम में प्यार के प्रतीक 'वैलेंटाइन डे' की रात एक खौफनाक हत्याकांड में बदल गई. पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या से कुछ ही घंटों पहले दोनों ने साथ में वैलेंटाइन डे का डिनर किया था. पति ने पहले पुलिस को फोन कर बताया कि अज्ञात हमलावरों ने उन्हें लूटने की कोशिश की और उनकी पत्नी का गला रेत दिया, लेकिन जांच में सच सामने आ गया. झज्जर पुलिस ने सिर्फ 18 घंटे में इस केस को सुलझा लिया.
सख्त पूछताछ के बाद अंशुल ने कबूला गुनाह
हिसार के रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल धवन और हिसार जिले के हांसी की रहने वाली महक की शादी पिछले साल 25 सितंबर को हुई थी. महक गुरुग्राम में HDFC बैंक में कर्मचारी थी, वहीं अंशुल धवन भी गुरुग्राम में काम करते थे. वैलेंटाइन डे के अगले दिन यानी 15 फरवरी की रात करीब 11 बजे अंशुल ने पुलिस को फोन कर बताया कि अज्ञात हमलावरों ने उन्हें लूटने की कोशिश की और उनकी पत्नी का गला रेत दिया. पुलिस को अंशुल के बयान में कई खामियां नजर आईं. वह अपना बयान बार-बार बदलते रहे. सख्त पूछताछ में अंशुल आखिरकार टूट गए और उन्होंने कबूल कर लिया कि उन्होंने खुद अपनी पत्नी की हत्या की है.
---विज्ञापन---
लंबे समय से महक के चरित्र पर था शक
पुलिस के मुताबिक, अंशुल को लंबे समय से महक के चरित्र पर शक था, जिसकी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. इसी संदेह ने उन्हें इस क्रूर अपराध की ओर धकेल दिया. हत्या के दौरान अंशुल ने दस्ताने पहने हुए थे ताकि उंगलियों के निशान न छूटें. उन्होंने पहले महक को गला घोंटकर बेहोश किया और फिर कैंची से गला रेत दिया. महक के पिता कृष्णा कठूरिया को शुरू से ही दामाद पर शक था. पुलिस ने मामले को बेहद तेजी से सुलझाया और अंशुल को गिरफ्तार कर लिया.
---विज्ञापन---