TrendingAI summitiranDonald Trump

---विज्ञापन---

भागलपुर में ग्रामीणों ने पुलिस पर किया हमला, सब इंस्पेक्टर समेत 5 जवान घायल

बिहार में इन दिनों पुलिस पर लगातार हमले हो रहे हैं। अररिया और मुंगेर के बाद अब भागलपुर में पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला किया है। ऐसे में अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

भागलपुर में पुलिस पर हमला। (वीडियो स्क्रीनग्रैब)
बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं और अब वे पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। अपराधियों में पुलिस प्रशासन का खौफ लगभग खत्म हो गया है। इसी का नतीजा है कि पुलिस टीम पर आए दिन हमले हो रहे हैं। अब ताजा मामला भागलपुर जिले से सामने आया है, जहां झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस घटना में एक सब इंस्पेक्टर सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला अंतिचक थाना क्षेत्र के कासड़ी गांव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों के हमले में एसआई धरनाथ राय, सिपाही रंजीत कुमार, रोहित रंजन, अमित कुमार और चौकीदार प्रीतम कुमार घायल हुए हैं। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है।

पत्थरबाजी में पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त

बताया जा रहा है कि पत्थरबाजी में पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उग्र ग्रामीण तब तक ईंट-पत्थर चलाते रहे और पुलिसकर्मियों को दौड़ाते रहे जब तक की पुलिस गांव से बाहर नहीं निकल गई। हमले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया और सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए कहलगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये भी पढ़ें:- बिहार में एक और पुलिसवाले की मौत, अररिया के बाद मुंगेर में हुआ था जानलेवा हमला

क्या है मामला?

वहीं, घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम करीब 7 बजे गांव में बच्चों के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के लोग झगड़ा सुलझाने की जगह एक दूसरे से भिड़ गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को सुलझाने लगी। इसी बीच कुछ लड़के पुलिस पर गिट्टी-पत्थर फेंकने लगे। देखते ही देखते दोनों तरफ से बड़े लोग भी पत्थरबाजी करने लगे। इस हमले में सब इंस्पेक्टर सहित तीन सिपाही और एक चौकीदार घायल हो गए।

आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी: पुलिस

इस मामले में अंतिचक थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि तैनात मजिस्ट्रेट संजीव चौधरी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अररिया और मुंगेर में भी हुआ था पुलिस पर हमला

बता दें कि अभी बीते बुधवार (12 मार्च, 2025) को अररिया में पुलिस पर हमला हुआ था। फुलकाहा थाने की पुलिस एक आरोपित अनमोल यादव को पकड़ने के लिए गई थी। इस दौरान आरोपी को पकड़ भी लिया गया था लेकिन लोगों की पुलिस से झड़प हो गई और अनमोल यादव को छुड़ाकर ले गए। इस बीच एएसआई राजीव कुमार मल्ल अचेत होकर गिर गए। इसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, शुक्रवार (14 मार्च, 2025) को मुंगेर में एक एएसआई संतोष कुमार पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत भी हो गई। [videopress hr8C1tuo]


Topics:

---विज्ञापन---