भारत में कहां-कहां ब्लैकआउट, सीमावर्ती राज्यों के कई शहरों में छाया अंधेरा
Author: Md Junaid Akhtar
May 10, 2025 11:23 PM IST
India-Pakistan Tension: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच लगातार चौथे दिन भी सीमावर्ती राज्यों के कई शहरों में ब्लैकआउट किया गया है। शनिवार को शाम 5 बजे भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी थी, लेकिन 3 घंटे बाद ही पाक की तरफ से इसका उल्लंघन शुरू कर दिया गया है। जिसके बाद जम्मू, पंजाब और राजस्थान के अलग-अलग शहरों में ब्लैकआउट किया गया है।
जम्मू के कई शहरों में ब्लैकआउट
पाकिस्तान ने शनिवार देर शाम सीजफायर का उल्लंघन करते हुए जम्मू के कई शहरों पर हमले की कोशिश की थी। भारतीय सेना ने इस हमले को नाकाम कर दिया है। इसके बाद श्रीनगर, अनंतनाग, जम्मू, कठुआ और उधमपुर में ब्लैकआउट किया गया। इसके जम्मू के सांबा, अखनूर, राजौरी और पुंछ में ब्लैकआउट किया गया है। बताया जा रहा है कि सामान्य स्थिति होने तक ब्लैकआउट जारी रहेगा।
राजस्थान में भी ब्लैकआउट
राजस्थान में भी पाकिस्तानी सीमावर्ती जिलों में ब्लैकआउट है। शनिवार को पाक की नापाक हरकत के बाद राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जैसे जिलों ब्लैकआउट किया गया है। बताया जा रहा है कि इन जिलों में स्थानीय पुलिस और सेना के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है। लोगों को घरों में ही रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस लोगों से सड़कों पर नहीं निकलने की अपील कर रही है।
पंजाब में भी ब्लैकआउट का दौर जारी
पंजाब सरकार ने कई शहरों में ब्लैकआउट किया हुआ है। बताया जा रहा है कि पंजाब के गुरदासपुर, होशियापुर, पठानकोट, जालंधर के साथ-साथ रूपनगर, नंगल और अमृतसर में ब्लैकआउट किया गया है। इसके अलावा चंडीगढ़, लुधियाना, फिरोजपुर, फाजिल्का, तरनतारन, बठिंडा और अडंपुर में बलैकआउट किया हुआ है। इन जिलों के स्कूलों को भी 12 मई तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। पंजाब पुलिस और सेना ने इन शहरों में मोर्चा संभाला हुआ है। सेना द्वारा पाकिस्तान के हर हमले को नाकाम किया जा रहा है।
गुजरात में भी ब्लैकआउट
गुजरात के भी कई शहरों में ब्लैकआउट किया गया है। गुजरात के कच्छ, नलिया और बनासकांठा में ब्लैकआउट किया गया है। इन शहरों में पुलिस ने मोर्चा संभाला हुआ है।