Oppo Reno 15 Pro Mini Review: काफी समय बाद मैंने ऐसा फोन इस्तेमाल किया, जिसे हाथ में लेते ही “कॉम्पैक्ट” होने का असली मतलब समझ आया. 6.32 इंच की स्क्रीन वाले इस फोन को पकड़ते ही महसूस हुआ कि हर चीज बड़ी ही हो, यह जरूरी नहीं. 59,999 की कीमत वाला Oppo Reno 15 Pro Mini दिखने में जितना सादा लगता है, इस्तेमाल में उतना ही पॉलिश्ड महसूस होता है.
डिजाइन- छोटा, लेकिन मजबूत
पहली नजर में इसका डिजाइन बहुत एक्सपेरिमेंटल नहीं लगेगा. फ्लैट ग्लास, फ्लैट फ्रेम और साफ सुथरी फिनिश. लेकिन दो तीन दिन इस्तेमाल करने के बाद समझ आया कि इसकी असली ताकत इसकी फिट और फिनिश में है. फोन 187 ग्राम का है और सिर्फ 7.99mm पतला, इसलिए हाथ में बैलेंस्ड लगता है. एक हाथ से इस्तेमाल करना आसान है और लंबे समय तक पकड़ने पर थकान नहीं होती.
---विज्ञापन---
रियर पैनल पर HoloFusion फिनिश हल्की रोशनी में बहुत खूबसूरत लगता है, लेकिन बैक काफी स्मूद है. देखने में प्रीमियम, पर थोड़ा ज्यादा फिसलन भरा. अगर इसमें हल्का टेक्सचर होता तो ग्रिप बेहतर हो सकती थी. अच्छी बात यह है कि IP66, IP68 और IP69 रेटिंग के साथ यह फोन रोजमर्रा की बारिश, धूल या छींटों से डरता नहीं.
---विज्ञापन---
डिस्प्ले- आंखों के लिए आरामदायक
6.32 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले इस साइज के लिए बिल्कुल सही लगता है. टेक्स्ट शार्प दिखता है, रंग संतुलित हैं और 120Hz रिफ्रेश रेट स्क्रॉलिंग को स्मूद बनाता है. मुझे खासतौर पर इसका कलर ट्यूनिंग पसंद आया. स्किन टोन नेचुरल दिखती हैं और कंटेंट देखते समय स्क्रीन जरूरत से ज्यादा चमकीली या ओवरसैचुरेटेड नहीं लगती.
धूप में भी स्क्रीन पढ़ने लायक रहती है. फिंगरप्रिंट स्कैनर तेज और भरोसेमंद है. स्टीरियो स्पीकर्स ठीक ठाक लाउड हैं, हालांकि बहुत ज्यादा वॉल्यूम पर साउंड थोड़ा पतला हो जाता है.
कैमरा- कॉम्पैक्ट फोन में बड़ी सोच
यहां Oppo ने वाकई दिलचस्प काम किया है. 200MP का मेन कैमरा, 50MP अल्ट्रावाइड और 50MP 3.5x टेलीफोटो- यह सेटअप आमतौर पर छोटे फोन्स में नहीं मिलता. अच्छी रोशनी में फोटो शार्प और डिटेल्ड आती हैं. रंग ज्यादा प्रोसेस्ड नहीं लगते, जो मुझे पसंद आया.
लो लाइट में भी कैमरा भरोसा देता है. एक्सपोजर कंट्रोल ठीक रहता है और स्किन टोन काफी नैचुरल लगती हैं. टेलीफोटो लेंस होने से पोर्ट्रेट ज्यादा अच्छे फ्रेम हो पाते हैं. वीडियो में 4K 60fps HDR सपोर्ट मिलना भी एक बड़ा प्लस है. अलग अलग लेंस के बीच स्विच करते समय क्वालिटी में ज्यादा फर्क नहीं दिखता.
फ्रंट कैमरा 50MP का है और सेल्फी में डिटेल अच्छी मिलती है. कुल मिलाकर, यह कैमरा सेटअप इस फोन की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है.
परफॉर्मेंस- रोजमर्रा के लिए भरोसेमंद
मेरे पास 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला वेरिएंट था, जिसमें MediaTek Dimensity 8450 प्रोसेसर मिलता है. यह फोन बेंचमार्क रिकॉर्ड तोड़ने के लिए नहीं बना, लेकिन रोजमर्रा के इस्तेमाल में कहीं अटकता नहीं. ऐप्स तेजी से खुलते हैं, मल्टीटास्किंग स्मूद रहती है.
गेमिंग में भी अनुभव ठीक रहा. BGMI और Call of Duty जैसे गेम्स लंबे समय तक खेले, तो फोन गर्म जरूर हुआ लेकिन असहज नहीं लगा. फ्रेम रेट स्टेबल रहा, जो मेरे लिए ज्यादा अहम है.
सॉफ्टवेयर- अब ज्यादा बेहतर
ColorOS 16 इस बार काफी सधा हुआ लगा. इंटरफेस साफ है, एनिमेशन हल्के हैं और पूरा सिस्टम फ्लूइड लगता है. AI फीचर्स जैसे कॉल समरी, ट्रांसक्रिप्शन और फोटो एडिट टूल्स दिखावे के लिए नहीं, बल्कि काम के लगे. Google Gemini का इंटीग्रेशन भी सहज है.
सबसे अच्छी बात यह कि Oppo पांच बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी पैच देने का वादा कर रहा है. लंबे समय तक फोन रखने वालों के लिए यह भरोसे की बात है.
बैटरी- साइज से बड़ा सरप्राइज
6,200mAh की बैटरी इस साइज के फोन में वाकई प्रभावशाली है. सामान्य इस्तेमाल में मुझे 7-8 घंटे का स्क्रीन ऑन टाइम मिला. हल्के इस्तेमाल में डेढ़ से दो दिन तक चल गया. 80W फास्ट चार्जिंग के साथ एक घंटे से कम में फुल चार्ज हो जाता है.
किसके लिए सही?
59,999 की कीमत पर यह फोन सस्ता नहीं है. अगर आप सिर्फ कच्ची पावर या “वैल्यू फॉर मनी” के पीछे हैं, तो बाजार में और विकल्प मिल जाएंगे. लेकिन अगर आप कॉम्पैक्ट डिजाइन, मजबूत कैमरा, अच्छी बैटरी और भरोसेमंद परफॉर्मेंस चाहते हैं, तो Reno 15 Pro Mini संतुलित पैकेज देता है.
दो हफ्ते इस्तेमाल करने के बाद मेरे पास शिकायतें कम और तारीफ ज्यादा हैं. यह फोन हर चीज में सबसे आगे नहीं, लेकिन ज्यादातर चीजें सही तरीके से करता है और शायद यही इसकी असली ताकत है.
ये भी पढ़ें- एक चार्ज में दिनभर चलेगा फोन! Vivo V70 और V70 Elite की भारत में एंट्री, जानें कीमत और धांसू फीचर्स