CBSE Board Result 2025: पोस्ट रिजल्ट प्रोसेस शुरू, छात्रों को मिलेगा कॉपी देखने और री-चेकिंग का मौका
Author: News24 हिंदी
May 20, 2025 09:34 AM IST
CBSE Board Result 2025: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2025 की बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट के बाद की गतिविधियों को लेकर नई जानकारी साझा की है। पहले बोर्ड की ओर से रिजल्ट जारी होने के बाद ये तीन चरण होते थे – (i) मार्क्स का वेरिफिकेशन, (ii) इवैल्यूएटेड आंसर शीट की स्कैन कॉपी प्राप्त करना, (iii) आंसर्स का री-इवैल्यूएशन।
अब CBSE ने इस प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए हैं ताकि इवैल्यूएशन में कोई गलती न रह जाए। बोर्ड ने कहा, “इतनी सावधानी बरतने के बावजूद भी अगर कोई गलती रह जाती है, तो छात्रों को अपनी आंसर शीट देखने का मौका मिलेगा। अगर कोई गलती पाई जाती है, तो उसे सुधारने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।”
क्या हैं नए नियम?
पहला स्टेप:
छात्र सबसे पहले अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी (Scanned Copy) की मांग कर सकते हैं।
दूसरा स्टेप:
इसके बाद छात्र निम्नलिखित के लिए आवेदन कर सकते हैं –
(i) मार्क्स वेरिफिकेशन
(ii) री-इवैल्यूएशन
(iii) दोनों (मार्क्स वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन)
CBSE ने कहा है कि इस बदलाव का उद्देश्य छात्रों को अधिक पारदर्शिता देना है, ताकि वे अपने प्रदर्शन को बेहतर तरीके से समझ सकें और अगर कोई गलती हो तो उसे चुनौती दे सकें।
कैसे प्राप्त करें आंसर शीट की कॉपी?
जो छात्र री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी प्राप्त करनी होगी। इसके लिए उन्हें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। आंसर शीट देखने के बाद अगर छात्र री-चेकिंग कराना चाहते हैं, तो वे उसके लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
– स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए 700 रुपये प्रति विषय शुल्क देना होगा।
– कक्षा 10वीं के छात्र 21 मई से आवेदन कर सकते हैं।
– कक्षा 12वीं के छात्र 27 मई से आवेदन कर सकते हैं।
– मार्क्स वेरिफिकेशन की प्रक्रिया कक्षा 10वीं के लिए 28 मई और कक्षा 12वीं के लिए 3 जून से शुरू होगी।
– री-इवैल्यूएशन के लिए प्रत्येक पेपर का शुल्क 100 रुपये होगा।
नंबरों में बदलाव होने पर क्या होगा?
अगर री-चेकिंग के बाद छात्र के मार्क्स में कोई बदलाव होता है (बढ़ोतरी या कमी दोनों), तो ऐसे छात्रों को अपनी पुरानी मार्कशीट वापस करनी होगी। इसके बाद उन्हें नई मार्कशीट और सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा।
नोट: यह प्रक्रिया छात्रों को ज्यादा पारदर्शिता और न्याय दिलाने के लिए बनाई गई है, ताकि वे अपनी मेहनत का सही परिणाम पा सकें।