TrendingiranSunetra Pawar

---विज्ञापन---

Pune News: मुझसे शादी करोगी कहा और फिर… जानें पुणे में 3.60 करोड़ की ठगी का शिकार कैसे बनी महिला?

Pune News: पुणे की एक महिला के साथ मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 3.60 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकरमहिला के साथ इस ठगी की वारदात को अंजाम दिया है।

मैट्रिमोनियल साइट के जरिए 3.60 करोड़ की ठगी (News24 GFX)
Pune News: महाराष्ट्र के पुणे से साइबर क्राइम का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक महिला के साथ 3 करोड़ से अधिक की ठगी हुई है। पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में की। महिला की शिकायत पर एक्शन लेते हुए पुणे की साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकरमहिला के साथ इस ठगी की वारदात को अंजाम दिया है।

स्टार्टअप शुरू करने वाली थी पीड़िता

इस मामले की जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (क्राइम) पंकज देशमुख ने बताया कि एक व्यक्ति ने मैट्रिमोनियल साइट पर डॉ. रोहित ओबेरॉय की फर्जी प्रोफाइल बनाई और महिलाओं से शादी के लिए बात करने लगा। इसी तरह आरोपी ने पीड़िता से भी बात की। पीड़िता ने बताया कि वह स्टार्टअप शुरू करने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही वह मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए आरोपी के संपर्क में आ गई। इसके बाद दोनों में बातचीत शुरू हो गई। इस दौरान आरोपी ने महिला से अलग-अलग अकाउंट में 3.60 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए। हालांकि, थोड़ी ही देर में महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है।

सिंगापुर से मुंबई आते ही हुआ गिरफ्तार

इसके बाद महिला ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस जांच में पता चला कि उसका असली नाम अभिषेक शुक्ला है, जो भारतीय मूल का ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है। वह कुछ साल पहले ही काम के लिए भारत आया था, लेकिन कोरोना काल के बाद से ही भारत में रह रहा है। जांच में ये भी सामने आया कि आरोपी ने इस तरह की ठगी कई लड़कियों के साथ की है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। इसके बाद जैसे ही वह सिंगापुर से यात्रा करके मुंबई पहुंचा, उसे पहले गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। यह भी पढ़ें: मानसून की बारिश ने बढ़ाई टेंशन, 2 राज्यों में 7 लोगों की मौत, जानें दिल्ली-NCR में कब बरसेंगे बादल?

सतर्क रहें, लड़कियां...

इस दौरान पंकज देशमुख ने देश की लड़कियों और उनके परिवार को इस तरह से होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को इस तरह की साइट पर कोई व्यक्ति मिलता है, जिसके साथ लड़की अपने रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहती है, तो पहले उस व्यक्ति की जांच कर लें। बता दें कि देश में लगातार साइबर क्राइम की वारदात बढ़ती जा रही है। ऐसे किसी भी प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले व्यक्ति से जुड़ने से पहले उसके बारे में जरूरी जांच जरूर करें। अगर इसके बाद भी कोई साइबर क्राइम का शिकार होता है, तो उसे तुरंत 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।


Topics:

---विज्ञापन---