IND vs SL: एशिया कप 2025 में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए मैच में वो सबकुछ घटा, जो एक टी-20 मैच में घट सकता है. दोनों टीमों की ओर से पहले बल्लेबाजों ने रनों का अंबार लगाया, तो इसके बाद स्कोर टाई हो गया. दुबई के मैदान पर सुपर ओवर का रोमांच भी देखने को मिला, लेकिन उसके बीच में हाई-वोल्टेज ड्रामा भी हुआ.
हालांकि, आखिर में जीत टीम इंडिया की झोली में आई, लेकिन यह ऐसा मुकाबला रहा, जिसे टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सदियों तक याद रखा जाएगा. रोमांच की सारी हदें पार हुईं, तो हर गेंद के साथ फैन्स की सांसें भी अटक रही थीं.
निसंका की शतकीय पारी ने बनाया मैच
203 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत ही अच्छी नहीं हुई. कुशल मेंडिस बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. हालांकि, इसके बाद पाथुम निसंका और कुशल परेरा ने मोर्चा संभाला और टीम इंडिया के गेंदबाजी अटैक से जमकर खिलवाड़ किया. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 127 रन जोड़े और मैच में जान फूंक दी.
परेरा 32 गेंदों में 58 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे. मगर निसंका क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने एशिया कप 2025 में पहला शतक जमाया. निसंका ने 58 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 107 रन ठोके. हालांकि, निसंका उस समय पर आउट हुए जब श्रीलंका को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी.
आखिरी ओवर का रोमांच
लास्ट ओवर में जीत के लिए श्रीलंका को 12 रनों की दरकार थी. निसंका क्रीज पर सेट थे. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा दांव चला और गेंद वरुण चक्रवर्ती के हाथों में थमा दी. हालांकि, कप्तान का यह फैसला एकदम सही साबित हो गया और पहली ही गेंद पर वरुण ने निसंका को पवेलियन की राह दिखा दी.
इसके बाद जनिथ लियानागे और शनाका ने मिलकर अगली तीन गेंदों पर 5 रन बटोरे. मगर शनाका ओवर की पांचवीं बॉल पर बाउंड्री खोजने में सफल रहे. आखिरी गेंद पर श्रीलंका को 3 रन की दरकार थी, लेकिन रन आए सिर्फ 2. इस तरह से स्कोर टाई हो गया और मैच पहुंचा सुपर ओवर में.
सुपर ओवर में हाई-वोल्टेज ड्रामा
सुपर ओवर फेंकने की जिम्मेदारी भारत की ओर से अर्शदीप सिंह को मिली. ओवर की पहली ही गेंद पर अर्शदीप ने कुशल परेरा को आउट कर दिया. दूसरी गेंद पर बना सिर्फ एक रन, जबकि तीसरी बॉल डॉट रही. अब ओवर की चौथी गेंद पर शनाका बीट हो गए, लेकिन अर्शदीप ने कैच की अपील कर डाली. शनाका क्रीज से भी बाहर निकल गए और विकेटकीपर संजू ने बॉल को स्टंप पर भी दे मारा. हालांकि, कैच के लिए शनाका ने डीआरएस ले लिया.
अब शनाका के बल्ले और गेंद के बीच कोई संपर्क नहीं पाया गया, जिसके चलते उन्हें नॉटआउट करार दे दिया गया. नियमों के हिसाब से गेंदबाज के अपील करने के साथ ही बॉल डेड हो जाती है और इसी वजह से संजू द्वारा किए गए रनआउट को दरकिनार कर दिया गया.
हालांकि, अगली ही बॉल पर अर्शदीप ने शनाका को जितेश के हाथों कैच करा दिया. मैच जीतने के लिए टीम इंडिया को मिला सिर्फ 3 रनों का लक्ष्य. पहली ही गेंद पर कप्तान सूर्या ने 3 रन बनाते हुए टीम इंडिया को यादगार जीत दिला दी.
अभिषेक-तिलक ने खेली धांसू पारी
इससे पहले टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा का बल्ला एक बार फिर गरजा. अभिषेक ने सिर्फ 31 गेंदों का सामना करते हुए 61 रनों की तेज तर्रार पारी खेली. वहीं, तिलक वर्मा ने 34 गेंदों में नाबाद 49 रन जड़े. संजू सैमसन ने भी बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 39 रनों की दमदार इनिंग खेली. अंतिम ओवरों में अक्षर पटेल ने 15 गेंदों में 21 रन जड़े, जिसके बूते भारतीय टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 202 रन लगाने में सफल रही.
निसंका बने मैन ऑफ द मैच
पाथुम निसंका को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. एशिया कप के इतिहास में यह पहला मौका है जब मैच हारने वाली टीम के किसी खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया है.
संबंधित खबरें
ऑकलैंड में न्यूजीलैंड की हार पक्की? टीम इंडिया का रिकॉर्ड कर देगा हैरान
18 mins agoफ्री में कब, कहां और कैसे देखें IND vs NZ चौथा T20I? जानें तरीका
1 hr agoअगर ईशान किशन की हुई वापसी, तो किस नंबर पर खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी?
1 hr agoआयरलैंड के गेंदबाज बेन वाइट ने 28 साल की उम्र में किया संन्यास का ऐलान
3 hrs agoन्यूजीलैंड का स्टार गेंदबाज चोटिल होने के कारण T20I सीरीज से हुआ बाहर
4 hrs agoWPL 2027 ऑक्शन में वर्ल्ड कप विनर समेत ये 5 स्टार खिलाड़ी रहीं अनसोल्ड
11 hrs agoकुमार संगकारा का सनसनीखेज आरोप, एयरपोर्ट पर परिवार के साथ हुआ गलत व्यवहार
12 hrs agoभुवनेश्वर के करियर पर संकट? खराब प्रदर्शन के बाद आकाश चोपड़ा ने कही बात
12 hrs agoWPL 2027 Auction में बिके 25 खिलाड़ी, कुल 73.1 करोड़ हुए खर्च, देखें लिस्ट
12 hrs agoWPL 2027 ऑक्शन के लिए सभी 5 टीमों का स्क्वॉड हुआ फाइनल, यहां देखें
13 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines